महासमुंद। जिले के ग्राम पंचायत कुकराडीह में बिजली के करंट की चपेट में आने से 35 वर्षीय महिला पंच कालंद्री दीवान की मौत हो गई। सोमवार दोपहर कंवर समाज के सामाजिक भवन की सफाई के दौरान यह हादसा हुआ। ग्रामीणों का आरोप है कि भवन की छत के बेहद करीब से गुजर रही 11 केवी बिजली लाइन की ऊंचाई को लेकर विभाग को कई बार शिकायत की गई थी, लेकिन समय रहते कोई सुधार नहीं किया गया।

लोहे की सीढ़ी से सफाई करते समय हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, महासमुंद जिला मुख्यालय से करीब 18 किलोमीटर दूर कुकराडीह गांव में दीपावली से पहले भाग्यलक्ष्मी महिला स्व-सहायता समूह की 10 सदस्यीय टोली कंवर समाज के सामाजिक भवन की सफाई करने पहुंची थी। इसमें वार्ड क्रमांक-3 की पंच कालंद्री दीवान भी शामिल थीं।
दोपहर करीब 12 बजे कालंद्री भवन की ऊपरी दीवार की सफाई के लिए लोहे की सीढ़ी लगाकर ऊपर चढ़ीं। इसी दौरान छत के पास से गुजर रही 11 केवी बिजली लाइन की चपेट में आ गईं। करंट लगने से वह सीढ़ी से नीचे गिर पड़ीं।
हादसे के बाद ग्रामीण उन्हें निजी वाहन से महासमुंद अस्पताल ले जाने के लिए रवाना हुए, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
पूर्व सरपंच ने कहा- पहले भी की गई थी शिकायत
पूर्व सरपंच जीवनलाल साहू ने आरोप लगाया कि भवन के पास से गुजर रही बिजली लाइन की ऊंचाई निर्धारित मापदंडों के अनुरूप नहीं थी। इस संबंध में विभागीय अधिकारियों को कई बार मौखिक और लिखित शिकायत दी गई थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते लाइन को सुरक्षित ऊंचाई पर किया गया होता तो हादसा टल सकता था।
बताया गया कि भाग्यलक्ष्मी महिला स्व-सहायता समूह सरकारी राशन दुकान का संचालन करता है। राशन दुकान तक बड़े वाहन नहीं पहुंच पाने के कारण पीडीएस का राशन कंवर समाज के सामाजिक भवन में रखा जाता था। भवन के उपयोग के बदले समाज की ओर से समूह की महिलाओं से दीपावली से पहले सफाई और पोताई कराने को कहा गया था। इसी के तहत महिलाएं वहां पहुंची थीं।
पांच और तीन साल के बच्चों के सिर से उठा मां का साया
कालंद्री दीवान की मौत से गांव में शोक का माहौल है। उनके परिवार में पांच साल की बेटी और तीन साल का बेटा है। घटना के बाद ग्रामीणों में बिजली विभाग के प्रति नाराजगी है। वे पहले की गई शिकायतों पर कार्रवाई नहीं होने को हादसे की वजह बता रहे हैं।
पुलिस ने शुरू की जांच
तुमगांव पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तुमगांव में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।