रायपुर। राजधानी रायपुर के बंजारी मंदिर के बाहर सड़क हादसे में 60 वर्षीय महिला की मौत हो गई। महिला मंदिर में दर्शन करने के बाद परिवार के साथ बाहर निकली थी, तभी वह ट्रक की चपेट में आ गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

बेटी-दामाद और नाती-नातिन के साथ आई थी महिला
हादसा खमतराई थाना क्षेत्र में हुआ। मृतका की पहचान अघनिया बाई निषाद (60) के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, वह अपनी बेटी, दामाद, नाती और नातिन के साथ बंजारी मंदिर में दर्शन करने आई थी।
मंदिर से बाहर निकलते ही ट्रक ने लिया चपेट में
दर्शन के बाद परिवार मंदिर से बाहर निकल रहा था, तभी ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में अघनिया बाई की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि परिवार के अन्य सदस्य बाल-बाल बच गए।
ट्रक जब्त, चालक की तलाश जारी
घटना की सूचना मिलने पर खमतराई पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और ट्रक जब्त कर लिया है। हादसे के बाद से फरार चालक की तलाश की जा रही है।