बालोद। जिले के डौंडी थाना क्षेत्र के लिमहाटोला गांव में मंगलवार सुबह सड़क किनारे खड़ी हाइवा में अचानक आग लग गई। आग ने कुछ ही देर में पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया और हाइवा जलकर खाक हो गई। इस दौरान ड्राइवर ने गाड़ी से कूदकर अपनी जान बचाई।

सुबह करीब 5 बजे लगी आग
जानकारी के मुताबिक, ड्राइवर ने हाइवा को सड़क किनारे खड़ा किया था और रात में उसी के अंदर सो रहा था। मंगलवार सुबह करीब 5 बजे अचानक गाड़ी में आग लग गई। आग की लपटें देखकर ड्राइवर ने तत्काल बाहर छलांग लगा दी। इससे उसकी जान बच गई, लेकिन आग तेजी से फैलने के कारण पूरी हाइवा जल गई।
दमकल ने मशक्कत के बाद पाया आग पर काबू
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 और डौंडी थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद दमकल विभाग को बुलाया गया। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक वाहन पूरी तरह जल चुका था।
फिलहाल हाइवा में आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। डौंडी पुलिस ने मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।