भोपाल। प्रकाश और आस्था के महापर्व दीपावली पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल स्थित अपने शासकीय निवास पर विधि-विधान से माता महालक्ष्मी और विघ्नहर्ता भगवान गणेश की पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

मुख्यमंत्री ने पारंपरिक श्लोक- ‘दीपज्योतिः परब्रह्म दीपज्योतिर्जनार्दनः, दीपो हरतु मे पापं दीपज्योतिर्नमोऽस्तु ते’ के साथ प्रदेशवासियों को दीपावली की हार्दिक बधाई दी।
दीपक की लौ देती है कठिनाइयों से लड़ने की प्रेरणा
मुख्यमंत्री ने कहा कि दीपावली भगवान श्रीराम की रावण पर विजय और मानवता की स्थापना का प्रतीक है। यह पर्व सदियों से विजय, आनंद और उत्साह के साथ मनाया जाता रहा है।
उन्होंने दीपक की छोटी-सी लौ का उदाहरण देते हुए कहा कि यह हमें घने अंधकार से संघर्ष करने और हर कठिनाई को पार कर आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है।
प्रधानमंत्री के बस्तर दौरे को बताया गौरव का विषय
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दीपावली के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बस्तर आगमन को गौरव का विषय बताया। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद के कारण लंबे समय तक अनेक परिवारों को अंधकार और कष्ट का सामना करना पड़ा। मध्य प्रदेश के डिंडोरी, मंडला और बालाघाट जैसे जिले भी वर्षों तक नक्सलवाद से प्रभावित रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व में मध्य प्रदेश अब नक्सलवाद से पूरी तरह मुक्त हो चुका है। मुख्यमंत्री ने इसे प्रदेश के लिए बड़ी उपलब्धि बताया।
नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में विकास को मिलेगी गति
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब नक्सलवाद से प्रभावित रहे क्षेत्रों में विकास की रफ्तार तेज की जाएगी। इन अंचलों को प्रदेश के अन्य विकसित क्षेत्रों के समान विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई है।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि इन क्षेत्रों में सभी प्रकार की विकास गतिविधियां सुचारु रूप से संचालित होंगी, ताकि वहां के नागरिक भी प्रदेश और देश की प्रगति में समान रूप से भागीदार बन सकें।