November 11, 2026

नई दिल्ली। चक्रवात के खतरे को देखते हुए आंध्र प्रदेश और ओडिशा सहित कई राज्यों में मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। आंध्र प्रदेश के 16 जिलों में सतर्कता बढ़ाई गई है। विशाखापत्तनम में ऑरेंज अलर्ट के बीच बारिश शुरू हो गई है। वहीं, ओडिशा के पुरी में भारी बारिश के कारण जलभराव की स्थिति बनी है। मौसम विभाग ने मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड और उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों में भी बारिश की चेतावनी दी है।

आंध्र प्रदेश के तटीय जिलों में भारी बारिश और तेज हवाओं का खतरा

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, चक्रवात का सबसे ज्यादा असर आंध्र प्रदेश में देखने को मिल सकता है। श्रीकाकुलम, विशाखापत्तनम, काकीनाडा, पूर्वी गोदावरी, पश्चिमी गोदावरी, कृष्णा, गुंटूर, बापटला, प्रकाशम और नेल्लोर सहित तटीय जिलों में रेड अलर्ट जारी किए जाने की जानकारी दी गई है।

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि भारी बारिश के साथ तेज हवाएं पेड़ उखाड़ सकती हैं, बिजली के खंभे गिरा सकती हैं और कमजोर मकानों को नुकसान पहुंचा सकती हैं। समुद्र का जलस्तर 1 से 1.5 मीटर तक बढ़ने की आशंका जताई गई है, जिससे तटीय गांवों में बाढ़ का खतरा पैदा हो सकता है।

बारिश और तेज हवाओं से धान तथा बागवानी फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका है। मछुआरों को समुद्र में जाने से रोक दिया गया है। अधिकारियों के मुताबिक, 30 हजार से अधिक मछली पकड़ने वाली नौकाओं को सुरक्षित बंदरगाहों तक पहुंचाया गया है। गर्भवती महिलाओं को एहतियातन अस्पतालों में शिफ्ट किया जा रहा है।

ओडिशा में बारिश से जलभराव, नावों का संचालन बंद

IMD ने दक्षिण ओडिशा के जिलों में मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताई है। पुरी में भारी बारिश के चलते जलभराव हुआ है, जबकि खुर्दा में भी बारिश दर्ज की गई है। सुरक्षा के मद्देनजर नावों का संचालन तीन दिन के लिए बंद कर दिया गया है और स्कूलों में भी अवकाश घोषित किया गया है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले तीन घंटों में भद्रक, कटक, गजपति, गंजम, जगतसिंहपुर, जाजपुर, कंधमाल, केंद्रापड़ा, खुर्दा, कोरापुट, मालकानगिरि, नयागढ़, पुरी और रायगड़ा के कई स्थानों पर मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान गरज-चमक और बिजली गिरने के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की आशंका है।

मध्य प्रदेश-छत्तीसगढ़ से बिहार-झारखंड तक अलर्ट

मौसम विभाग ने तेलंगाना, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, पुडुचेरी, बिहार और उत्तर प्रदेश में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। अंडमान-निकोबार में मंगलवार तक स्कूल बंद रखने की जानकारी दी गई है। चक्रवात के खतरे को देखते हुए तटीय इलाकों में भी सतर्कता बढ़ाई गई है।

अलर्ट के स्तर के मुताबिक, पूर्वी उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भारी बारिश का रेड अलर्ट बताया गया है। बिहार, झारखंड, ओडिशा और पूर्वी मध्य प्रदेश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी होने की जानकारी है। वहीं, बिहार, झारखंड, असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, पूर्वी मध्य प्रदेश, मध्य महाराष्ट्र और कर्नाटक में बारिश का यलो अलर्ट है।

प्रशासन ने लोगों से मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने की अपील की है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *