November 29, 2026

देवास। अवैध शराब तस्करी रोकने के दौरान खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी को आयशर वाहन से कुचलने के मामले में देवास पुलिस ने वाहन चालक गजेन्द्र उर्फ अक्कू को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने पुलिस अभिरक्षा से भागने की कोशिश की और एक पुलिसकर्मी का हथियार छीनकर हमला किया। इसके बाद बरोठा थाना क्षेत्र में हुई मुठभेड़ में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी।

घायल आरोपी को जिला चिकित्सालय देवास में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है। पुलिस का कहना है कि आगे की कार्रवाई निर्धारित एसओपी के तहत की जा रही है।

आयशर मालिक ने सरेंडर करने का दावा किया

मामले से जुड़े तीन आरोपियों को पुलिस मेडिकल जांच के लिए शासकीय अस्पताल ले गई थी। इसके बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया। मीडिया के सवालों पर राहुल जायसवाल ने कहा कि कांग्रेस से जुड़ा होने के कारण उसे परेशान किया जा रहा है। उसने जीतू पटवारी को अपना करीबी भी बताया।

वहीं, आयशर वाहन के मालिक केरम सिंह ने दावा किया कि वह भागा नहीं था, बल्कि उसने सरेंडर किया है।

अवैध शराब के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हाईलेवल बैठक में अवैध शराब तस्करी पर रोक लगाने के लिए सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस को कार्रवाई के लिए स्वतंत्रता देते हुए कहा कि अवैध शराब का कारोबार पकड़े जाने पर संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने शराब दुकानों की नियमित जांच, सभी जिलों में वाहनों की चेकिंग और सीमावर्ती जिलों में विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस और आबकारी विभाग को समन्वय बनाकर शराब दुकानों की निगरानी करने को भी कहा।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *