November 5, 2026

इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) और केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) की संयुक्त टीम ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने कर्नाटक नंबर की काली महिंद्रा थार से 7.116 किलोग्राम एम्फेटामाइन ड्रग्स जब्त की है, जिसकी कीमत करीब 5 करोड़ 69 लाख रुपये बताई गई है। कार्रवाई के दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

डेढ़ घंटे तक पीछा करने के बाद पकड़ी गई थार

जानकारी के अनुसार, DRI और CBN की टीम को ड्रग्स तस्करी के संबंध में सूचना मिली थी। इसके बाद टीम ने उज्जैन-देवास टोल प्लाजा पर सघन चेकिंग शुरू की। इसी दौरान संदिग्ध काली महिंद्रा थार की पहचान कर उसे रोकने की कोशिश की गई।

बताया जा रहा है कि टीम को देखकर वाहन सवार बैरिकेड तोड़कर भाग निकले। इसके बाद अधिकारियों ने गाड़ी का पीछा शुरू किया। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद टीम ने एक पेट्रोल पंप के पास वाहन को घेरकर रोक लिया।

गाड़ी की स्टेपनी में छिपाए गए थे 21 पैकेट

वाहन की तलाशी के दौरान उसकी स्टेपनी के अंदर छिपाकर रखे गए 21 पैकेट बरामद हुए। NDPS फील्ड टेस्ट किट से जांच करने पर उनमें एम्फेटामाइन होने की पुष्टि हुई।

इसके बाद संयुक्त टीम ने मादक पदार्थ और महिंद्रा थार को जब्त कर लिया। वाहन में सवार तीनों आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज

कार्रवाई के बाद तीनों आरोपियों के खिलाफ स्वापक औषधि और मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम, 1985 (NDPS एक्ट) के तहत मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।

ड्रग्स कहां से आई और कहां होनी थी सप्लाई?

जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि एम्फेटामाइन की खेप कहां से लाई गई थी और इसे इंदौर या आसपास के किन इलाकों में पहुंचाया जाना था। पूछताछ के आधार पर तस्करी के नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *