November 11, 2026

भोपाल। मध्य प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (BJP) अपनी सांगठनिक कार्यशैली में बदलाव की तैयारी कर रही है। पार्टी का फोकस अब जिला मुख्यालयों के बजाय सीधे बूथ स्तर पर संगठन को सक्रिय करने पर रहेगा। हाल ही में हुई BJP की कोर कमेटी की बैठक में इस रणनीति पर चर्चा की गई। प्रस्तावित कार्ययोजना के तहत दीपावली के बाद प्रदेश के वरिष्ठ नेता बूथ स्तर पर दौरे और बैठकें करेंगे।

मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष भी पहुंचेंगे बूथों तक

नई कार्ययोजना के मुताबिक मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश प्रभारी, सह प्रभारी और संगठन महामंत्री को बूथ स्तर के कार्यक्रमों में शामिल किया जाएगा। मुख्यमंत्री अपने जिला दौरों के दौरान किसी एक बूथ स्तरीय कार्यक्रम में विशेष रूप से हिस्सा लेंगे।

वहीं, प्रदेश अध्यक्ष जिला मुख्यालयों के साथ-साथ बूथों पर भी पहुंचकर संगठनात्मक बैठकें करेंगे। पार्टी के स्थानीय और जिला स्तर के नेताओं को भी अपने निर्धारित कार्यक्रमों के तहत बूथों पर समय बिताना होगा।

बूथ पदाधिकारियों के साथ होंगी टिफिन बैठकें

इस अभियान में बूथ समितियों और पदाधिकारियों को केंद्र में रखा जाएगा। वरिष्ठ नेता बूथ पदाधिकारियों के साथ विशेष ‘टिफिन बैठकें’ करेंगे। इन बैठकों में संगठन की गतिविधियों, कार्यकर्ताओं की भूमिका और चुनावी व सांगठनिक रणनीति पर चर्चा की जाएगी।

पार्टी की इस पहल का उद्देश्य बूथ स्तर पर संगठनात्मक गतिविधियों को बढ़ाना और स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ वरिष्ठ नेतृत्व का सीधा संवाद स्थापित करना है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *