भोपाल। मध्यप्रदेश में सोमवार को कई अहम घटनाक्रम और कार्यक्रम चर्चा में हैं। फाइव डे वर्किंग की मांग को लेकर प्रस्तावित तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल स्थगित कर दी गई है। वहीं, भोपाल में कांग्रेस मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन करेगी। दूसरी ओर, TET की अनिवार्यता के विरोध में शिक्षकों का अनिश्चितकालीन धरना जारी है। इसके अलावा मंदसौर में नकली घी और दूध बनाने की कथित फैक्ट्री पर पुलिस ने छापा मारकर सामग्री जब्त की है।

बैंक कर्मचारियों की तीन दिवसीय हड़ताल स्थगित
तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल स्थगित हो गई है। इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) और यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के बीच हड़ताल के नोटिस को लेकर बैठक हुई। बैठक के बाद कुछ मांगों पर सहमति बनने की बात सामने आई है।
यह हड़ताल बैंकों में फाइव डे वर्किंग लागू करने की मांग को लेकर प्रस्तावित थी। सहमति बनने के बाद फिलहाल आंदोलन और हड़ताल स्थगित कर दी गई है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के आज के कार्यक्रम
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सोमवार को कई बैठकों और कार्यक्रमों में शामिल होंगे। उनका प्रस्तावित कार्यक्रम इस प्रकार है:
- सुबह 10:50 बजे: अटल बिहारी सुशासन संस्थान, भोपाल पहुंचेंगे।
- सुबह 11 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक: बैठक में शामिल होंगे।
- दोपहर 1:50 बजे: मुख्यमंत्री निवास पहुंचेंगे।
- दोपहर 1:55 बजे: वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बलराम कृषि महोत्सव में शामिल होंगे।
- दोपहर 3:30 बजे: मुख्यमंत्री चर्चा करेंगे।
- शाम 4:05 बजे: मुख्यमंत्री की मुलाकात निर्धारित है।
- शाम 7 बजे: इंदौर में आयोजित राष्ट्रीय लता मंगेशकर सम्मान अलंकरण समारोह में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल होंगे।
इंदौर के लता मंगेशकर सभागार, IDA में सम्मान समारोह के साथ गीत-संगीत संध्या का आयोजन किया जाएगा।
चुनाव आयोग के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन
भोपाल में कांग्रेस सोमवार को चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन करेगी। पार्टी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर पैदल मार्च निकालेगी और चुनाव आयोग कार्यालय का घेराव करने की तैयारी है।
प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता सुबह 11 बजे प्रदेश कांग्रेस कार्यालय से चुनाव आयोग कार्यालय की ओर रवाना होंगे।
प्रदर्शन में प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी, PCC अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने की जानकारी दी गई है।
TET के विरोध में शिक्षकों का अनिश्चितकालीन धरना जारी
शिक्षकों की TET संबंधी मांगों को लेकर भोपाल के नीलम पार्क में अनिश्चितकालीन धरना जारी है। सोमवार को धरने का दूसरा दिन है। आज जबलपुर संभाग के शिक्षक प्रदर्शन में शामिल होंगे। आंदोलन में अलग-अलग संभागों के शिक्षक चरणबद्ध तरीके से हिस्सा ले रहे हैं।
अध्यापक शिक्षक संयुक्त मोर्चा तीन प्रमुख मांगों को लेकर आंदोलन कर रहा है।
शिक्षकों की तीन प्रमुख मांगें
1. TET की अनिवार्यता से मुक्ति
लंबे समय से सेवा दे रहे शिक्षकों को TET की अनिवार्यता से मुक्त करने की मांग की जा रही है। इसके लिए विधानसभा का विशेष सत्र बुलाकर प्रस्ताव पारित करने और उसे केंद्र सरकार को भेजने की मांग शामिल है।
2. प्रथम नियुक्ति से सेवा की गणना
शिक्षकों की मांग है कि उनकी सेवा अवधि की गणना प्रथम नियुक्ति की तारीख से की जाए और उसी आधार पर वरिष्ठता निर्धारित हो।
3. ई-अटेंडेंस व्यवस्था स्वैच्छिक हो
शिक्षकों का कहना है कि विभागीय और अन्य शासकीय दायित्वों को देखते हुए ई-अटेंडेंस व्यवस्था को स्वैच्छिक बनाया जाना चाहिए।
मंदसौर में नकली घी-दूध बनाने की फैक्ट्री पर छापा
मंदसौर जिले के सुवासरा थाना क्षेत्र के खेजड़िया भूप गांव में पुलिस ने नकली घी और दूध बनाने की कथित फैक्ट्री पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने बड़ी मात्रा में सामग्री जब्त की।
पुलिस के अनुसार, मौके से 85 कट्टे मिल्क पाउडर, 15 लीटर क्षमता वाले पाम ऑयल के 7 डिब्बे, 6 कट्टे यूरिया और तैयार नकली घी बरामद किया गया।
पुलिस कार्रवाई के बाद खाद्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने जांच के लिए नमूने लिए और फैक्ट्री को सील कर दिया।
इस मामले में फैक्ट्री संचालक समेत दो आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गांव में यह फैक्ट्री कई महीनों से संचालित हो रही थी। जब्त सामग्री और तैयार उत्पादों की प्रकृति की पुष्टि संबंधित जांच के बाद होगी।