इंदौर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की बैठक के समापन पर सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले ने संगठन के विस्तार और शताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि देश में संघ की 99,423 दैनिक शाखाएं संचालित हो रही हैं और संगठन का काम 1,03,397 स्थानों तक पहुंच चुका है। शताब्दी वर्ष के दौरान करीब पांच करोड़ लोगों की भागीदारी वाले हिंदू सम्मेलन हुए और 10 करोड़ से ज्यादा घरों तक संपर्क किया गया।

प्रेस वार्ता में होसबोले ने युवाओं में नशे की लत, Gen-Z के आंदोलन, आरक्षण, SIR, सोशल मीडिया पर अश्लील सामग्री, हिंदुत्व, महिलाओं की भागीदारी, पर्यावरण और काशी-मथुरा जैसे मुद्दों पर भी संघ का पक्ष रखा।
देश में 99,423 दैनिक शाखाएं, 1.03 लाख स्थानों तक पहुंच
होसबोले के मुताबिक, देश में शाखाएं संचालित होने वाले स्थानों की संख्या बढ़कर 63,208 हो गई है। यह पिछले अक्टूबर की तुलना में 8,156 अधिक है। उन्होंने बताया कि दैनिक शाखाओं की संख्या में पिछले वर्ष के मुकाबले 12,025 की वृद्धि हुई है।
- दैनिक शाखाएं: 99,423
- साप्ताहिक मिलन: 34,982
- मासिक मंडली: 14,096
- संघ का कुल कार्य विस्तार: 1,03,397 स्थान
उन्होंने स्पष्ट किया कि एक स्थान पर एक या कई शाखाएं हो सकती हैं, इसलिए शाखाओं और कार्यस्थलों की संख्या अलग-अलग है। शताब्दी वर्ष के दौरान एक सप्ताह से 10 दिन तक विशेष शाखाएं भी लगाई गईं। होसबोले के अनुसार, इस दौरान दो लाख से अधिक शाखाएं लगीं और एक लाख से ज्यादा नए स्थानों पर शाखा लगाने का प्रयास हुआ। इन अल्पकालिक शाखाओं को नियमित शाखाओं की संख्या में शामिल नहीं किया गया है।
65,664 हिंदू सम्मेलन, करीब पांच करोड़ लोगों की भागीदारी
होसबोले ने बताया कि शताब्दी वर्ष के दौरान देशभर में 65,664 हिंदू सम्मेलन हुए। इनमें 37,080 ग्रामीण क्षेत्रों में और 28,584 शहरी बस्तियों में आयोजित किए गए। उनके अनुसार, कार्यक्रमों में 3,08,449 गांवों की भागीदारी रही और कुल 4,93,76,000 लोग शामिल हुए।
अरुणाचल प्रदेश, लद्दाख और अंडमान जैसे क्षेत्रों में भी सम्मेलन हुए। पोर्ट ब्लेयर के कार्यक्रम में पांच हजार से अधिक लोग पहुंचे, जिनमें आसपास के 13 छोटे द्वीपों से आए लोग भी शामिल थे। होसबोले ने कहा कि सम्मेलनों में पंच परिवर्तन, सामाजिक समरसता, आपसी सहयोग, नशे से दूरी और सकारात्मक जीवनशैली का संदेश दिया गया।
10.22 करोड़ घरों तक संपर्क, युवाओं के लिए 57 हजार से ज्यादा कार्यक्रम
सरकार्यवाह के मुताबिक, गृह संपर्क अभियान के तहत 4,63,340 गांवों और शहरों की 41,825 बस्तियों में संपर्क किया गया। स्वयंसेवक 10,22,05,665 घरों तक पहुंचे। उन्होंने दावा किया कि 95 से 99 प्रतिशत लोगों ने अभियान का स्वागत किया।
देश के 59,008 मंडलों में से 54,937 तक कार्यकर्ता पहुंचे। युवाओं को जोड़ने के लिए 57,243 कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें कॉलेज विद्यार्थियों के 21,237 स्थानों और व्यवसायी युवाओं के 14,285 स्थानों पर कार्यक्रम हुए। होसबोले के अनुसार, इन आयोजनों में 31.26 लाख से अधिक कॉलेज विद्यार्थी और 6.90 लाख से अधिक व्यवसायी युवा शामिल हुए।
इसके अलावा 3,207 प्रबुद्धजन गोष्ठियों में 4.29 लाख लोगों ने भाग लिया। सामाजिक सद्भाव के लिए 8,346 नगरों और 5,028 खंडों में बैठकें हुईं, जिनमें 3.79 लाख से अधिक सामाजिक प्रतिनिधि शामिल हुए।
युवाओं में नशे की लत पर चिंता, जागरूकता और पुनर्वास की योजना
होसबोले ने युवाओं में ड्रग्स और नशीली दवाओं की बढ़ती लत पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि ड्रग्स और नारकोटिक्स के अंतरराष्ट्रीय कारोबार तथा बड़े नेटवर्क पर प्रशासन को कार्रवाई करनी चाहिए। उनके मुताबिक, केंद्र सरकार और गृह मंत्रालय ने भी इस दिशा में कदम उठाए हैं।
होसबोले ने कहा कि संघ नशे के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने के लिए एनजीओ, सामाजिक संस्थाओं और अन्य संगठनों को साथ जोड़ने की योजना बना रहा है। उन्होंने कहा कि केवल जागरूकता पर्याप्त नहीं है। नशे की गिरफ्त में आ चुके युवाओं के लिए मानसिक काउंसलिंग, पुनर्वास और परिवारों की भूमिका पर भी काम करना होगा। बैठक में इस उद्देश्य से आगामी अभियान की रूपरेखा तैयार करने पर चर्चा हुई।
संगठनात्मक व्यवस्था में बदलाव, 46 प्रांतों की जगह 88 संभाग
होसबोले ने बताया कि संघ की मौजूदा 46 प्रांतों वाली संगठनात्मक संरचना में बदलाव किया जाएगा। नवंबर-दिसंबर में प्रांतों के संघचालकों का निर्वाचन और नई कार्यकारिणी की रचना होगी। इसके बाद देशभर में 88 संभागों के आधार पर संगठनात्मक काम की योजना बनेगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यह नए पदों का निर्माण नहीं, बल्कि संगठन की नई रचना होगी। संभाग स्तर पर संभाग संघचालक, संभाग कार्यवाह और संभाग प्रचारक जैसे दायित्व होंगे।
आपदा राहत के कामों का ब्यौरा
होसबोले ने असम, ओडिशा, आंध्र प्रदेश, लखनऊ और चित्रकूट में स्वयंसेवकों के राहत कार्यों का उल्लेख किया। उनके अनुसार, असम के शिवसागर और जोरहाट में बाढ़ से 805 गांवों के 67,700 परिवार प्रभावित हुए। 1,500 से अधिक घर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हुए। 1,600 से अधिक स्वयंसेवकों ने 42,200 परिवारों तक भोजन, पानी और जरूरी सहायता पहुंचाई। करीब पांच करोड़ रुपये से अधिक का सहयोग जुटाकर राहत और पुनर्वास के काम किए गए। लगभग 150 घरों के पुनर्निर्माण के लिए भी सामग्री उपलब्ध कराई गई।
उन्होंने बताया कि ओडिशा और आंध्र प्रदेश में चक्रवात प्रभावित इलाकों में बिजली के खंभे खड़े करने, भोजन-पानी पहुंचाने और मछुआरों को नाव व जाल उपलब्ध कराने जैसे काम किए गए। लखनऊ में बारिश से 40 हजार से अधिक परिवार प्रभावित हुए और 25 हजार परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर जाना पड़ा। वहां 300 से अधिक स्वयंसेवकों ने चार-पांच दिन सेवा कार्य किया।
चित्रकूट में 28 गांवों के दो हजार से अधिक परिवार प्रभावित हुए। होसबोले के मुताबिक, 350 स्वयंसेवकों ने राहत कार्य किया, छह हजार से अधिक लोगों तक भोजन-पानी पहुंचाया और करीब 5,600 लोगों को चिकित्सा सहायता दी।
Gen-Z के सवालों को समझने और संवाद की जरूरत
युवाओं के आंदोलनों और ‘रिजीम चेंज’ की चर्चा पर होसबोले ने कहा कि युवाओं की समस्याओं और आकांक्षाओं को समझना जरूरी है। उन्होंने कहा कि युवाओं के सवालों को देशविरोधी मानना सही नहीं है और उनके साथ सकारात्मक संवाद होना चाहिए।
होसबोले ने कहा कि अन्याय के खिलाफ युवाओं का आक्रोश समाज सुधार की दिशा में आगे बढ़ाया जाना चाहिए। हालांकि, राजनीतिक स्वार्थ के लिए युवाओं का इस्तेमाल, हिंसा फैलाना और समाज को बांटने की कोशिश स्वीकार नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि अराजक शक्तियां युवाओं को भड़काने का प्रयास कर सकती हैं और समाज के जागरूक लोगों को सक्रिय होकर अपनी आवाज उठानी चाहिए।
सोशल मीडिया पर अश्लील सामग्री को लेकर संस्कारों पर जोर
सोशल मीडिया और इंटरनेट पर आपत्तिजनक सामग्री के सवाल पर होसबोले ने कहा कि तकनीक को पूरी तरह रोकना आसान नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार इस विषय पर निर्णय ले सकती है, लेकिन केवल कानून से समस्या का समाधान संभव नहीं है।
उनके मुताबिक, परिवार, स्कूल और समाज में बच्चों को संस्कार और जीवन मूल्य सिखाने की जरूरत है। उन्होंने माता-पिता और शिक्षकों से अपने व्यवहार के जरिए बच्चों के सामने उदाहरण पेश करने की अपील की। होसबोले ने परिवारों से दिन में कम से कम आधा घंटा या सप्ताह में एक घंटा मोबाइल से दूर रहकर साथ बैठने और सकारात्मक विषयों पर बातचीत करने का आग्रह किया।
आरक्षण समानता आने तक जारी रहना चाहिए: होसबोले
आरक्षण की समीक्षा और इसे समाप्त करने की चर्चा पर होसबोले ने कहा कि सामाजिक और शैक्षणिक भेदभाव के कारण पिछड़े वर्गों को दी गई आरक्षण व्यवस्था तब तक जारी रहनी चाहिए, जब तक समाज में वास्तविक समानता नहीं आ जाती।
उन्होंने कहा कि आरक्षण का लाभ सभी पात्र लोगों तक पहुंचना चाहिए। व्यवस्था में सुधार की जरूरत हो तो लाभार्थियों की राय से किया जाना चाहिए। उनके मुताबिक, आरक्षण सामाजिक न्याय के लिए है, इसे वोट बैंक की राजनीति का विषय नहीं बनाना चाहिए।
संघ का पंजीयन कानूनन अनिवार्य नहीं: होसबोले
संघ के पंजीकृत नहीं होने के सवाल पर होसबोले ने कहा कि देश का कानून संघ के लिए पंजीयन अनिवार्य नहीं करता। उन्होंने कहा कि कई संगठन बिना पंजीयन के भी समाज के लिए काम कर सकते हैं। संघ खुद को समाज से अलग संगठन के रूप में नहीं देखता, बल्कि समाज को संगठित करने का काम करता है। उनके मुताबिक, संघ का हर कार्य संविधान और कानून के अनुरूप होता है।
‘हिंदू और हिंदुत्व अलग नहीं’
हिंदू और हिंदुत्व को अलग-अलग बताने वाले राजनीतिक बयानों पर होसबोले ने कहा कि ये शब्दों का खेल है। उन्होंने हिंदुत्व को ‘हिंदूनेस’ यानी हिंदू होने के भाव और गुणों के रूप में समझाया। उनके मुताबिक, हिंदू पहचान के साथ हिंदुत्व के भाव भी जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि संघ की स्थापना के समय डॉ. हेडगेवार ने भी समाज में हिंदुत्व के भाव जागृत करने पर जोर दिया था।
विदेशों में संघ का विस्तार नहीं, भारतीय विचारों पर संवाद
सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत के अमेरिका, कनाडा और ब्रिटेन दौरे पर होसबोले ने कहा कि संघ कोई अंतरराष्ट्रीय संगठन बनाने नहीं जा रहा है। उनके अनुसार, संघ के स्वयंसेवक दुनिया के 80 से 100 देशों में स्थानीय कानूनों के अनुसार हिंदू समुदाय के साथ काम करते हैं, लेकिन RSS भारत की सीमाओं के भीतर ही काम करता है।
उन्होंने बताया कि भागवत के न्यूयॉर्क, लंदन और टोरंटो में कार्यक्रम हुए। वहां स्वामीनारायण मंदिर, खालसा गुरुद्वारा, विश्वविद्यालयों और सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों से संवाद हुआ। होसबोले के मुताबिक, उद्देश्य भारत के विचार, वसुधैव कुटुंबकम, मानव एकता और संघ की कार्यपद्धति को समझाना था।
महिलाओं की भागीदारी और पर्यावरण पर भी चर्चा
होसबोले ने कहा कि संघ के परिवार प्रबोधन और महिला समन्वय के कार्यक्रम लगातार चलते हैं। उनके अनुसार, शताब्दी वर्ष के 95 प्रतिशत हिंदू सम्मेलनों में कोई न कोई महिला वक्ता रही। सामाजिक सद्भाव बैठकों में भी महिलाओं ने भाग लिया। उन्होंने यह भी कहा कि नशे की समस्या युवतियों में भी बढ़ रही है, इसलिए महिलाओं को भी सामाजिक अभियानों से जोड़ा जाएगा।
पर्यावरण पर उन्होंने पानी-बिजली बचाने, पॉलिथीन का इस्तेमाल कम करने और पौधरोपण के साथ उनकी देखभाल पर जोर दिया। ‘हरित घर’ की अवधारणा के तहत वर्षा जल संरक्षण, प्लास्टिक का कम इस्तेमाल और ऊर्जा बचत जैसे उपाय अपनाने की बात कही। होसबोले के मुताबिक, प्रयागराज कुंभ में संघ ने 14 लाख थालियां और करीब 15 लाख कपड़े की थैलियां उपलब्ध कराईं। दिल्ली में आगामी कार्यक्रम के दौरान एक बस्ती में 30 हजार पौधे लगाने का संकल्प भी लिया गया है।
SIR पर समर्थन, मतदाता सूची से गलत नाम हटाने की बात
मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) पर होसबोले ने कहा कि सूची का समय-समय पर शुद्धिकरण जरूरी है। उनके मुताबिक, मृत व्यक्तियों, एक से अधिक जगह दर्ज नामों और भारत के नागरिक नहीं होने वाले लोगों के नाम मतदाता सूची में नहीं रहने चाहिए।
उन्होंने कहा कि किसी पात्र मतदाता का नाम गलती से हटता है तो उसके पास चुनाव आयोग और अदालत में शिकायत करने का विकल्प है। होसबोले ने केवल राजनीतिक विरोध के लिए SIR का विरोध करने को अनुचित बताया।
काशी-मथुरा पर अलग आंदोलन की योजना नहीं
काशी, मथुरा और ज्ञानवापी जैसे धार्मिक स्थलों के मामलों पर होसबोले ने कहा कि न्यायालय में चल रहे मामलों को कानूनी प्रक्रिया से आगे बढ़ने देना चाहिए। उन्होंने कहा कि हर मुद्दे पर आंदोलन जरूरी नहीं है। उनके मुताबिक, काशी-मथुरा के विषय विश्व हिंदू परिषद और धर्माचार्य अपने स्तर पर उठा रहे हैं और संघ फिलहाल इन मुद्दों पर अलग आंदोलन की योजना नहीं बना रहा है।
तीन महापुरुषों के संदर्भ में वक्तव्य जारी
होसबोले ने बताया कि बैठक में स्वामी श्रद्धानंद, लक्ष्मणानंद सरस्वती और राजनारायण बसु के संदर्भ में तीन वक्तव्य जारी किए गए। उन्होंने स्वामी श्रद्धानंद और लक्ष्मणानंद सरस्वती के धार्मिक जागरूकता और समाज सेवा से जुड़े कार्यों का उल्लेख किया। राजनारायण बसु की 200वीं जयंती के अवसर पर भी वक्तव्य जारी किया गया। होसबोले के अनुसार, बसु ने नवगोपाल मित्र के साथ हिंदू मेले की शुरुआत की थी, जिसे रवींद्रनाथ टैगोर सहित कई लोगों का समर्थन मिला था।
आयोजन के सहयोगियों और मीडिया का आभार
होसबोले ने बैठक के आयोजन के लिए डेली कॉलेज प्रबंधन, ट्रस्टियों, देवास के राजपरिवार और पूर्व विद्यार्थियों का आभार जताया। उन्होंने मीडिया को भी धन्यवाद दिया। अंत में दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि संघ समाज के सहयोग से अपने कार्यों को आगे बढ़ाना चाहता है।