September 13, 2026

उज्जैन। शहर के युवा आशीष सिंह जादौन ने भारतीय थल सेना में लेफ्टिनेंट बनकर उज्जैन का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने अखिल भारतीय स्तर पर 18वीं रैंक (AIR-18) हासिल की है। चेन्नई स्थित अधिकारी प्रशिक्षण अकादमी (OTA) में प्रशिक्षण पूरा करने के बाद उन्हें भारतीय सेना में अधिकारी के रूप में कमीशन मिला।

आशीष की इस उपलब्धि पर परिवार, पूर्व सैनिकों और शहरवासियों में खुशी का माहौल है। शहर में उनका स्वागत और सम्मान किया गया।

पूर्व सैनिक संगठन ने किया भव्य सम्मान

लेफ्टिनेंट आशीष सिंह जादौन के सम्मान में पूर्व सैनिक संगठन की ओर से समारोह आयोजित किया गया। इससे पहले अंबर कॉलोनी, हनुमान नाका स्थित उनके निवास से कार्यक्रम स्थल तक खुली जीप में आशीष और उनके माता-पिता का जुलूस निकाला गया।

इस दौरान शहरवासियों ने पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया और फूल मालाओं से सम्मानित किया। समारोह में उज्जैन संभाग पूर्व सैनिक कल्याण संगठन के अध्यक्ष कमल सोनी, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, नगर निगम सभापति कलावती यादव सहित अन्य गणमान्य लोग और पूर्व सैनिक मौजूद रहे।

दोनों प्रयासों में SSB से हुए Recommended

आशीष सिंह जादौन ने कठिन चयन प्रक्रिया में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। जानकारी के अनुसार, उन्होंने सैन्य करियर के प्रथम और द्वितीय दोनों प्रयासों में SSB द्वारा Recommended होकर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की। इसके बाद उन्होंने अखिल भारतीय स्तर पर 18वीं रैंक प्राप्त की।

उनकी सफलता से परिवार, मित्रों, पूर्व सैनिकों और शहरवासियों में उत्साह है।

पिता भी भारतीय सेना में रह चुके हैं

आशीष को सेना में जाने की प्रेरणा परिवार से भी मिली। उनके पिता सेवानिवृत्त सूबेदार मेजर अजय सिंह जादौन भारतीय थल सेना में करीब 30 वर्षों तक सेवा दे चुके हैं।

अब बेटे के भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बनने से परिवार में खुशी का माहौल है। आशीष की उपलब्धि को उज्जैन के युवाओं के लिए भी प्रेरणादायक माना जा रहा है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *