इंदौर। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के 19 सितंबर को प्रस्तावित इंदौर दौरे को लेकर कांग्रेस संगठन की तैयारियां तेज हो गई हैं। राहुल गांधी के प्रस्तावित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम से पहले मध्यप्रदेश कांग्रेस और यूथ कांग्रेस की ओर से युवाओं को जोड़ने के लिए ‘यूथ कनेक्ट’ अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत शहर के अलग-अलग इलाकों में युवाओं के बीच विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।

हाथों पर ‘वेलकम रागा’ की मेहंदी
कांग्रेस की ओर से युवाओं को जोड़ने के लिए क्रिकेट लीग और मेहंदी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। छात्राओं और युवा महिलाओं के बीच आयोजित मेहंदी प्रतियोगिताओं में कुछ प्रतिभागियों ने अपने हाथों पर ‘Welcome RaGa’, ‘Welcome Rahul’ और ‘Welcome Rahul Gandhi’ जैसे संदेश लिखे।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं के मुताबिक, इन आयोजनों के जरिए युवाओं को संगठन की गतिविधियों से जोड़ने और 19 सितंबर के कार्यक्रम की जानकारी पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
युवाओं के बीच क्रिकेट लीग का आयोजन
‘यूथ कनेक्ट’ अभियान के तहत युवाओं के लिए विभिन्न स्थानों पर क्रिकेट लीग प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जा रही हैं। आयोजकों का कहना है कि खेल और रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से युवाओं तक पहुंच बनाने की कोशिश की जा रही है।
घर-घर संपर्क अभियान
‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम से पहले कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर संपर्क भी कर रहे हैं। अभियान में स्कूल-कॉलेज के छात्रों और पहली बार मतदान करने वाले युवाओं तक पहुंचने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
कांग्रेस का कहना है कि इन गतिविधियों के जरिए 19 सितंबर को होने वाले कार्यक्रम में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं, राहुल गांधी के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर शहर में कांग्रेस संगठन की तैयारियां लगातार जारी हैं।