खैरागढ़। साइबर अपराधों से बचाव और डिजिटल सुरक्षा को लेकर खैरागढ़ में साइबर जागृति अभियान के तहत बड़ा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। राजकुमारी इंदिरा कला एवं संगीत विश्वविद्यालय के कैंपस-2 स्थित IKSV ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में करीब 2 हजार छात्र-छात्राओं, नागरिकों और गणमान्य लोगों ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता राजनांदगांव रेंज के आईजी अजय कुमार यादव ने की।

साइबर अपराध से बचने जागरूकता जरूरी : लक्ष्मी राजवाड़े
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि साइबर अपराध के तरीके लगातार बदल रहे हैं। डिजिटल माध्यमों के इस्तेमाल में थोड़ी सी लापरवाही भी लोगों को आर्थिक नुकसान पहुंचा सकती है।
उन्होंने छात्र-छात्राओं और आम नागरिकों से साइबर अपराधों के प्रति सजग रहने की अपील की। साथ ही आसपास के लोगों को भी साइबर फ्रॉड से बचाव के तरीकों की जानकारी देने का आह्वान किया।
बदलते अपराध के तरीकों को लेकर IG ने किया अलर्ट
आईजी अजय कुमार यादव ने कहा कि समय के साथ अपराध करने के तरीके भी बदल रहे हैं। पारंपरिक अपराधों के साथ अब साइबर अपराध बड़ी चुनौती बनकर सामने आए हैं। ऐसे में सुरक्षित डिजिटल व्यवहार और साइबर जागरूकता बेहद जरूरी है।
कार्यक्रम में लोगों को अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, संदिग्ध कॉल और मैसेज से सावधान रहने की समझाइश दी गई। इसके साथ ही OTP, PIN, पासवर्ड और बैंकिंग से जुड़ी गोपनीय जानकारी किसी भी व्यक्ति के साथ साझा नहीं करने की अपील की गई।
सेल्फी के जरिए साइबर सुरक्षा का संदेश देने की अपील
खैरागढ़-छुईखदान-गंडई पुलिस की ओर से साइबर अपराधों से बचाव के लिए लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। खासतौर पर विद्यार्थियों और युवाओं को डिजिटल फ्रॉड के नए तरीकों की जानकारी दी जा रही है।
कार्यक्रम के बाद मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े और आईजी अजय कुमार यादव ने सेल्फी लेकर साइबर जागरूकता का संदेश दिया। उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद लोगों से भी सेल्फी के माध्यम से सोशल मीडिया पर साइबर सुरक्षा का संदेश फैलाने की अपील की।
साइबर ठगी का शिकार होने पर तुरंत 1930 पर करें शिकायत
पुलिस ने लोगों से अपील की कि यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार होता है, तो बिना देरी किए 1930 हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत करें। समय पर शिकायत करने से ठगी की रकम को रोकने या आगे की कार्रवाई में मदद मिल सकती है।
कार्यक्रम में एडीजे खैरागढ़, विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ. लवली शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रियंका खम्हन ताम्रकार, जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह, वनमंडलाधिकारी संजय यादव, एसडीएम खैरागढ़, जिला पंचायत CEO प्रेम कुमार पटेल, नगर पालिका अध्यक्ष गिरजा चंद्राकर, जनपद पंचायत खैरागढ़ अध्यक्ष राजश्री त्रिपाठी समेत जनप्रतिनिधि, अधिकारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि डिजिटल माध्यमों का इस्तेमाल सावधानी से करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।