November 6, 2026

परासिया। दशहरा उत्सव कार्यक्रम में व्यवधान पहुंचाने के आरोप में भाजपा के 11 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग को लेकर कांग्रेस ने प्रशासन को तीन दिन का अल्टीमेटम दिया है। विधायक सोहन वाल्मीकि ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि पुलिस ने उनकी शिकायत पर अब तक एफआईआर दर्ज नहीं की है। यदि तीन दिनों के भीतर मामला दर्ज नहीं हुआ, तो कांग्रेस 28 तारीख को परासिया में बड़ा आंदोलन करेगी।

चांदामेटा में आयोजित हुआ था रावण दहन और सांस्कृतिक कार्यक्रम

विधायक सोहन वाल्मीकि ने बताया कि दशहरे के दिन चांदामेटा में रावण दहन और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसके लिए उन्होंने संस्कृति संचालनालय को पत्र लिखा था। पत्र के आधार पर कार्यक्रम स्वीकृत हुआ था। आयोजन के लिए एसडीएम, पुलिस और वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (WCL) से भी अनुमति ली गई थी।

विधायक का आरोप है कि सभी अनुमतियां मिलने के बाद कार्यक्रम में कुछ भाजपा नेता कथित तौर पर आपराधिक तत्वों के साथ पहुंचे। उन्होंने कार्यक्रम में हंगामा और व्यवधान पैदा किया तथा दंगा फैलाने की साजिश रची।

11 लोगों के नाम देकर FIR दर्ज करने की मांग

सोहन वाल्मीकि के मुताबिक, कार्यक्रम में बाधा डालने वालों के खिलाफ प्रशासन ने कोई कार्रवाई नहीं की, जबकि कांग्रेस से जुड़े लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर दी गई। उन्होंने इस मामले में 11 लोगों के नाम पुलिस को सौंपे हैं और उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।

विधायक ने प्रशासन पर भाजपा के इशारे पर एकतरफा कार्रवाई करने का आरोप भी लगाया।

तीन दिन का अल्टीमेटम, 28 तारीख को आंदोलन की चेतावनी

विधायक ने कहा कि यदि तीन दिनों के भीतर उनकी शिकायत पर एफआईआर दर्ज नहीं की गई, तो कांग्रेस 28 तारीख को परासिया में बड़ा आंदोलन करेगी। फिलहाल, पुलिस की ओर से शिकायत पर कार्रवाई को लेकर आधिकारिक पक्ष सामने आना बाकी है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *