इंदौर। मध्य प्रदेश के कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय दीपावली के मौके पर एक बार फिर दिव्यांग बच्चों और बुजुर्गों के बीच खुशियां बांटते नजर आए। उन्होंने अपनी व्यस्तताओं से समय निकालकर आस्था वृद्ध आश्रम और कल्याण मित्र समिति के बैनर तले आयोजित ‘दीपावली महापर्व अपनों के संग’ कार्यक्रम में शिरकत की। इस दौरान मंत्री ने बिना किसी औपचारिकता के बच्चों और बुजुर्गों के साथ गीत गाए और अंताक्षरी में हिस्सा लिया।

श्रीराम के भजनों पर गूंजे गीत
कार्यक्रम में अंताक्षरी के लिए दिव्यांग बच्चों की दो टीमें बनाई गई थीं। एक टीम का नेतृत्व गीता और दूसरी टीम की कमान रश्मि ने संभाली। वहीं, वृद्ध आश्रम के बुजुर्गों की भी एक अलग टीम मुकाबले में शामिल हुई।
अंताक्षरी में फिल्मी गीतों के साथ देशभक्ति और पारंपरिक धार्मिक गीत भी गूंजे। कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने भी पूरे उत्साह के साथ गीत गाए। भगवान श्रीराम से जुड़े गीतों के दौरान कार्यक्रम में खास उत्साह देखने को मिला।
‘बच्चों की खुशी के आगे हार स्वीकार करता हूं’
अंताक्षरी का मुकाबला काफी रोचक रहा। आखिर में बच्चों और बुजुर्गों के उत्साह और प्रतिभा के बीच मंत्री विजयवर्गीय ने मुस्कुराते हुए अपनी हार स्वीकार कर ली। उन्होंने कहा कि दिव्यांग बच्चों और बुजुर्गों के चेहरों पर खुशी देखकर उनका मन प्रसन्न हो जाता है। उनके इस अनमोल आनंद के आगे वह अपनी हार स्वीकार करते हैं।
बच्चों और बुजुर्गों को दिए दीपावली के उपहार
कार्यक्रम के समापन पर मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने दिव्यांग बच्चों और वृद्धजनों को दीपावली के उपहार और मिठाइयां भेंट कीं। बच्चों और बुजुर्गों के साथ बैठकर त्योहार की खुशियां साझा करने के इस आयोजन में गीत-संगीत और आत्मीयता का माहौल देखने को मिला।