November 5, 2026

मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम में पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर पुलिस लाइन स्थित शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि समारोह आयोजित किया गया। बुधवार, 21 अक्टूबर को हुए इस कार्यक्रम में ड्यूटी के दौरान आमजन की सुरक्षा और खुशहाली के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को याद किया गया।

परेड और शहीदों की नामावली का हुआ वाचन

कार्यक्रम की शुरुआत पुलिस अधीक्षक के आगमन और परेड कमांडर की सलामी के साथ हुई। इसके बाद उप पुलिस महानिरीक्षक (IG) चन्द्र शेखर सोलंकी सहित अन्य अतिथि समारोह में पहुंचे। पुलिस बैंड पार्टी ने शहीद जवानों की नामावली प्रस्तुत की, जिसका वाचन पुलिस अधीक्षक ने किया।

समारोह में मौजूद पुलिस अधिकारियों, आमंत्रित अतिथियों और पत्रकारों ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र और पुष्पमालाएं अर्पित कर वीर जवानों को श्रद्धांजलि दी।

परेड ने दी शहीदों को अंतिम सलामी

इस दौरान परेड द्वारा शहीद जवानों को अंतिम सलामी दी गई। शोक शस्त्र की कार्यवाही के साथ शहीद स्मारक के दोनों ओर से धीरे चाल की रस्म भी पूरी की गई।

IG बोले- शहीदों का बलिदान भावी पीढ़ियों को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करेगा

IG चन्द्र शेखर सोलंकी ने कहा कि पुलिस स्मृति दिवस उन वीर पुलिसकर्मियों के अदम्य साहस, त्याग और कर्तव्यनिष्ठा को याद करने का अवसर है, जिन्होंने नागरिकों की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। उन्होंने कहा कि इन जवानों का बलिदान देशवासियों और भावी पीढ़ियों को हमेशा राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा।


About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *