November 9, 2026

रायपुर। राजधानी के कबीर नगर थाना क्षेत्र में बंद पड़ी इस्पात फैक्ट्री के चौकीदार को बंधक बनाकर डकैती करने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और कबीर नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से करीब 17 लाख रुपये का डकैती का सामान और वारदात में इस्तेमाल वाहन व उपकरण जब्त किए गए हैं। मामले में शामिल अन्य आरोपी अब भी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।

बंद अमरनाथ इस्पात फैक्ट्री को बनाया निशाना

पुलिस के मुताबिक, 22 अक्टूबर की रात करीब डेढ़ बजे 7 से 8 आरोपियों ने हीरापुर स्थित बंद पड़ी अमरनाथ इस्पात फैक्ट्री में धावा बोला था। फैक्ट्री के चौकीदार दिलीप कुमार वर्मा ने आरोपियों को रोकने और दौड़ाने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने उसे ही बंधक बना लिया।

चौकीदार के हाथ बांधकर ले गए कीमती सामान

आरोपियों ने चौकीदार के दोनों हाथ रस्सी से बांध दिए। इसके बाद फैक्ट्री के कार्यालय में घुसकर एल्युमिनियम वायर के बंडल, एल्युमिनियम और कॉपर के सामान, एल्युमिनियम प्लेट, हैलोजन लाइट तथा दराज में रखी नकदी पार कर दी।

आरोपियों ने आलमारी का लॉक तोड़कर उसमें रखा पैनल कार्ड और फैक्ट्री में रखी कॉपर क्वाइल भी अपने साथ ले गए।

सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

चौकीदार की रिपोर्ट पर कबीर नगर थाने में अपराध क्रमांक 217/26 के तहत बीएनएस की धारा 127(2) और 310(2) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और कबीर नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले।

जांच के दौरान पुलिस को सरोना, डी.डी. नगर निवासी संदीप नेताम के बारे में जानकारी मिली। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, संदीप ने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने अजीत भारती और उमेंद्र ठाकुर उर्फ उमेन को भी गिरफ्तार किया।

एक सप्ताह तक की थी फैक्ट्री की रेकी

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने अमरनाथ इस्पात फैक्ट्री में डकैती की योजना पहले से बना रखी थी। वारदात से करीब एक सप्ताह पहले फैक्ट्री की रेकी की गई थी। इस दौरान वहां की गतिविधियों और सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखी गई।

योजना के मुताबिक, घटना वाली रात सभी आरोपी टाटा एस वाहन और स्कूटी से फैक्ट्री पहुंचे। इसके बाद चौकीदार को बंधक बनाकर कार्यालय और फैक्ट्री में रखे कीमती सामान को लेकर फरार हो गए।

17 लाख का सामान और वारदात में इस्तेमाल वाहन जब्त

पुलिस ने गिरफ्तार तीनों आरोपियों के कब्जे से एल्युमिनियम वायर, एल्युमिनियम और कॉपर के सामान, एल्युमिनियम प्लेट, हैलोजन लाइट, पैनल कार्ड और कॉपर क्वाइल जब्त की है। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल कटर मशीन, ड्रिल मशीन, टाटा एस चारपहिया वाहन और स्कूटी भी बरामद की गई है। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 17 लाख रुपये बताई गई है।

तीनों आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड

पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार तीनों आरोपी पहले भी आपराधिक मामलों में जेल जा चुके हैं। संदीप नेताम चोरी और मारपीट के मामलों में, उमेंद्र ठाकुर उर्फ उमेन नकबजनी के मामले में और अजीत भारती भी पूर्व में जेल जा चुका है।

पुलिस के अनुसार, वारदात में शामिल अन्य आरोपी अभी फरार हैं। उनकी पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयास कर रही है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *