November 5, 2026

मध्य प्रदेश के बुधनी के रेहटी इलाके में बुधवार सुबह एक यात्री बस पर हमला करने का मामला सामने आया है। हरदा से यात्रियों को लेकर भोपाल जा रही ‘इंदिरा बस सर्विस’ की बस को काला गेट के पास 20 से 25 लोगों ने रोक लिया। आरोप है कि हमलावरों ने चालक और परिचालक के साथ मारपीट की, बस पर पत्थर फेंके और तोड़फोड़ की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

आधे घंटे तक रोकी बस, यात्रियों में मची अफरा-तफरी

जानकारी के मुताबिक, हमलावरों ने बस को करीब आधे घंटे तक रोके रखा और जमकर उपद्रव किया। अचानक हुई मारपीट और तोड़फोड़ से बस में सवार यात्री दहशत में आ गए। इस दौरान वाहन के भीतर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

बताया गया कि चालक और परिचालक ने सूझबूझ दिखाते हुए यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी और किसी तरह बस को वहां से सुरक्षित आगे निकाला।

परिचालक से 12 हजार रुपये छीनने का आरोप

पीड़ित पक्ष का आरोप है कि हमलावरों ने परिचालक के पास रखे हिसाब-किताब के करीब 12 हजार रुपये भी जबरन छीन लिए। बस कर्मचारियों के साथ मारपीट और वाहन में तोड़फोड़ की घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

रेहटी थाने में शिकायत दर्ज

बस मालिक की ओर से रेहटी थाने में घटना की शिकायत दर्ज कराई गई है। अब पुलिस वायरल वीडियो और शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है। आरोपियों की पहचान और घटना के कारणों को लेकर पुलिस की कार्रवाई पर नजर है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *