November 29, 2026

नर्मदापुरम। मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले के माखननगर थाना क्षेत्र के ग्राम आंखमऊ में शुक्रवार शाम एक नवदंपति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। 23 वर्षीय आदर्श यादव का शव कमरे में फंदे पर लटका मिला, जबकि उनकी 21 वर्षीय पत्नी भारती बेड पर अचेत अवस्था में पड़ी मिलीं। भारती छह माह की गर्भवती थीं। घटना में गर्भस्थ शिशु की भी मौत हो गई।

खिड़की से भाई ने देखा, अंदर का नजारा देख उड़े होश

जानकारी के मुताबिक, आदर्श और भारती नया गांव के निवासी थे। दोनों की शादी 20 अप्रैल 2026 को हुई थी। करीब चार दिन पहले ही वे ग्राम आंखमऊ में अपने नाना-नानी के घर आए थे।

शुक्रवार शाम भारती का भाई सिद्धार्थ माखननगर से वापस लौटा तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। खिड़की से अंदर झांकने पर उसने आदर्श को फंदे पर लटका और भारती को बेड पर अचेत अवस्था में देखा। इसके बाद परिजनों ने दरवाजा तोड़कर दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हत्या तथा आत्महत्या समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर पड़ताल की जा रही है।

शनिवार को दोनों शवों का पोस्टमार्टम नर्मदापुरम जिला अस्पताल और माखननगर में कराया गया। पुलिस के अनुसार, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *