शहडोल। जिले में मानव-वन्यजीव संघर्ष की एक और दर्दनाक घटना सामने आई है। जयसिंहनगर वन परिक्षेत्र के तगावर गांव में देर रात घर में सो रही 18 वर्षीय युवती को तेंदुआ उठा ले गया। सुबह घर से कुछ दूरी पर उसका क्षत-विक्षत शव मिला। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। जिले में पहले से ही हाथियों और भालुओं की रिहायशी इलाकों में आवाजाही से लोग परेशान हैं। अब तेंदुए के हमले ने ग्रामीणों की चिंता और बढ़ा दी है।

जर्जर मकान में मां और बहन के साथ सो रही थी युवती
घटना जयसिंहनगर वन परिक्षेत्र की कल्लेय बीट के अंतर्गत तगावर गांव के राजस्व क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक, 18 वर्षीय सरस्वती सिंह गोंड अपनी मां और बहन के साथ कच्चे और जर्जर मकान में सो रही थी। उसके पिता मजदूरी के लिए बाहर गए हुए थे। मकान की हालत खराब थी और उसमें ठीक से दरवाजा भी नहीं लगा था, जिसके कारण घर का एक हिस्सा खुला रहता था।
बताया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों से इलाके में एक तेंदुआ विचरण कर रहा था। देर रात तेंदुआ घर में घुसा और सो रही सरस्वती को जबड़ों में दबाकर उठा ले गया। सुबह परिजनों की नींद खुली तो युवती बिस्तर पर नहीं मिली। परिवार ने उसकी तलाश शुरू की। कुछ दूरी पर उसका क्षत-विक्षत शव मिलने के बाद घर में चीख-पुकार मच गई।
हाथियों और भालुओं की आवाजाही से पहले से परेशान हैं ग्रामीण
शहडोल जिले में हाथियों के झुंड की आवाजाही और रिहायशी इलाकों में भालुओं की मौजूदगी पहले से ही चिंता का विषय बनी हुई है। अब तेंदुए के हमले में युवती की मौत ने मानव-वन्यजीव संघर्ष की गंभीरता को सामने ला दिया है।
इस घटना के बाद जंगलों से गांवों तक पहुंच रहे वन्यजीवों से ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं। वहीं, शहडोल से लगे उमरिया जिले के घुनघुटी क्षेत्र और अनूपपुर के अमरकंटक जंगलों में पेड़ों की कटाई को लेकर भी चिंताएं जताई जा रही हैं। जंगलों में मानवीय दखल और वन क्षेत्रों के सिकुड़ने का वन्यजीवों की आवाजाही पर क्या असर पड़ रहा है, इसकी पड़ताल जरूरी है।
DFO बोलीं- वन विभाग पूरे मामले पर नजर रखे हुए है
उत्तर वन मंडलाधिकारी (DFO) तरुणा वर्मा ने घटना को बेहद दुखद बताया। उन्होंने कहा कि जयसिंहनगर रेंज के तगावर गांव में तेंदुए के हमले में 18 वर्षीय सरस्वती की मौत हुई है। जिस घर में युवती सो रही थी, उसमें दरवाजे नहीं थे और मकान खुला था।
DFO के मुताबिक, क्षेत्र में अत्यधिक गरीबी है। कई परिवारों के लोग मजदूरी के लिए बाहर जाते हैं और घरों में बच्चे व बुजुर्ग अकेले रह जाते हैं। वन विभाग की ओर से घटना के संबंध में प्रेस नोट जारी किया जा रहा है। विभाग पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।
इस घटना ने एक बार फिर ग्रामीण इलाकों में वन्यजीवों से सुरक्षा और जंगलों के संरक्षण के लिए ठोस इंतजामों की जरूरत को रेखांकित किया है।