इंदौर। ‘मंजिल उन्हीं को मिलती है, जिनके सपनों में जान होती है।’ इन पंक्तियों को इंदौर के दिव्यांग भाई-बहन संध्या और वीरेंद्र सच साबित करने में जुटे हैं। दोनों पढ़ाई में अच्छे हैं और बड़े सपने देखते हैं। कोई डॉक्टर तो कोई इंजीनियर और कलेक्टर बनना चाहता है। लेकिन परिवार की कमजोर आर्थिक स्थिति उनके सपनों के रास्ते में बाधा बन रही है। स्कूल की फीस भरने और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए कोचिंग लेने तक के पैसे नहीं हैं। ऐसे में दोनों मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई में मदद की उम्मीद लेकर पहुंचे।
बच्चों ने कहा- पढ़ना चाहते हैं, लेकिन फीस के पैसे नहीं
जनसुनवाई में संध्या और वीरेंद्र ने कलेक्टर शिवम वर्मा को अपनी पढ़ाई, परीक्षा में मिले अच्छे अंकों और आगे पढ़ने की इच्छा के बारे में बताया। परिजनों ने भी कहा कि दोनों बच्चे पढ़ाई में अच्छे हैं और आगे बढ़ना चाहते हैं, लेकिन आर्थिक तंगी के कारण स्कूल की फीस और कोचिंग का खर्च उठाना मुश्किल हो रहा है।
कलेक्टर ने दिया पढ़ाई का खर्च उठाने का भरोसा
बच्चों की परेशानी सुनने के बाद कलेक्टर शिवम वर्मा ने उन्हें भरोसा दिलाया कि आर्थिक तंगी उनकी पढ़ाई में बाधा नहीं बनेगी। उन्होंने कहा, “आप सिर्फ मन लगाकर पढ़ाई करो, बाकी चिंता हम पर छोड़ दो।” कलेक्टर ने आश्वस्त किया कि दोनों बच्चों की पढ़ाई और आगे की तैयारी में जिला प्रशासन मदद करेगा।
उन्होंने बच्चों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि वे खूब पढ़ें और अपने सपनों को पूरा करें। उनकी मेहनत, लगन और संघर्ष दूसरे दिव्यांग बच्चों के लिए भी प्रेरणा बन सकते हैं।
जनसुनवाई में दिखी उम्मीद की तस्वीर
आमतौर पर जनसुनवाई में लोग अपनी समस्याएं और शिकायतें लेकर पहुंचते हैं, लेकिन इस बार संध्या और वीरेंद्र की कहानी ने उम्मीद की नई तस्वीर पेश की। शारीरिक चुनौतियों के साथ आर्थिक मुश्किलों का सामना कर रहे दोनों बच्चों के हौसले बुलंद हैं। वे अपनी पढ़ाई जारी रखकर भविष्य में कुछ बड़ा करना चाहते हैं।
जानकारी के मुताबिक, दोनों में से एक छठवीं और दूसरा दसवीं कक्षा में पढ़ता है। जिला प्रशासन की ओर से पढ़ाई और तैयारी में मदद के भरोसे ने उनके सपनों को नई उम्मीद दी है।