November 7, 2026

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि छत्तीसगढ़ सरकार शहरों के सुनियोजित, आधुनिक और टिकाऊ विकास को प्राथमिकता दे रही है। शहरी क्षेत्रों में सीवरेज सिस्टम दुरुस्त करने, जल निकासी सुधारने, बिजली के तार भूमिगत करने और पेयजल की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान जलभराव के कारण कई जगह ऐसी स्थिति बन जाती है कि जहां वाहनों को चलना चाहिए, वहां नाव चलाने की नौबत आ जाती है। इस स्थिति को बदलने के लिए शहरों की बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना जरूरी है।

मुख्यमंत्री रायपुर में आयोजित अर्बन चैलेंज फंड कॉन्क्लेव को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने बताया कि शहरों के सुनियोजित विकास के लिए दो एमओयू किए गए हैं। इनके माध्यम से राज्य को आर्थिक सहायता के साथ तकनीकी सहयोग और विशेषज्ञों के सुझाव भी मिलेंगे।

2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य में शहरों की अहम भूमिका

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लक्ष्य वर्ष 2047 तक विकसित भारत का निर्माण करना है। इस लक्ष्य को हासिल करने में शहरों का व्यवस्थित, आधुनिक और टिकाऊ विकास महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार का संकल्प राज्य की जीडीपी को 6 लाख करोड़ रुपये से बढ़ाकर 75 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचाना है। इसके लिए आर्थिक विकास के साथ शहरी अधोसंरचना को मजबूत करना भी जरूरी है।

सीएम ने बताया कि राज्य सरकार मुख्यमंत्री शहर समृद्धि योजना और नगरोत्थान योजना के माध्यम से शहरी विकास के लिए काम कर रही है। केंद्र सरकार की अर्बन चैलेंज फंड योजना से शहरों के विकास के नए अवसर मिलेंगे। इसके जरिए मौजूदा व्यवस्थाओं, विकास की संभावनाओं और भविष्य की जरूरतों पर व्यापक चर्चा की जाएगी।

सीवरेज, जल निकासी और बिजली व्यवस्था में होगा सुधार

मुख्यमंत्री ने कहा कि बारिश के दौरान सीवरेज और ड्रेनेज सिस्टम की खामियों के कारण शहरों में जलभराव की समस्या पैदा होती है। इससे आम लोगों के साथ यातायात भी प्रभावित होता है। महापौर और नगरीय निकायों को इस दिशा में गंभीरता से काम करना होगा, ताकि आने वाले समय में ऐसी परिस्थितियों से बचा जा सके।

उन्होंने शहरों में बिजली के तारों को व्यवस्थित करने और उन्हें भूमिगत करने पर भी जोर दिया। इससे दुर्घटनाओं का खतरा कम करने में मदद मिलेगी। इसके साथ ही नागरिकों को पर्याप्त और नियमित पेयजल उपलब्ध कराने के लिए प्रभावी व्यवस्था विकसित करने की जरूरत बताई।

सीएम ने कहा कि विकास योजनाओं का उद्देश्य केवल निर्माण कार्य कराना नहीं होना चाहिए, बल्कि नागरिकों को बेहतर सुविधाएं देना और शहरों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करना भी जरूरी है।

नक्सलवाद खत्म होने के बाद विकास को मिलेगी गति

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि नक्सलवाद प्रदेश के विकास में बड़ी बाधा रहा है। अब इसके खात्मे के बाद राज्य में विकास कार्यों को और गति देने की जरूरत है।

उन्होंने उम्मीद जताई कि रायपुर में आयोजित अर्बन चैलेंज फंड कॉन्क्लेव और कार्यशाला छत्तीसगढ़ के शहरों के सुनियोजित एवं आधुनिक विकास की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी। केंद्र और राज्य सरकार के समन्वय, तकनीकी सहयोग और उपलब्ध वित्तीय संसाधनों के बेहतर उपयोग से शहरी सुविधाओं में सुधार किया जा सकेगा।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 22 और 23 तारीख को आएंगी छत्तीसगढ़

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री साय ने बताया कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने छत्तीसगढ़ आने का आमंत्रण स्वीकार कर लिया है। वे 22 और 23 तारीख को प्रदेश के दौरे पर रहेंगी। इस दौरान वे मुरिया दरबार में शामिल होंगी और जनता को संबोधित भी करेंगी।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री 12 वर्षों से देश की सेवा कर रहे हैं। गुजरात में उनके कार्यकाल के दौरान हुए विकास कार्यों के कारण गुजरात मॉडल देशभर में चर्चित हुआ। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री 140 करोड़ देशवासियों के विकास के लिए लगातार प्रयासरत हैं।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *