November 29, 2026

भोपाल। मध्य प्रदेश में करीब पांच साल बाद आशा कार्यकर्ताओं की भर्ती होने जा रही है। प्रदेश में कुल 3062 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इसके लिए 16 नवंबर 2026 से ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू होगी। इच्छुक महिलाएं 16 दिसंबर 2026 तक आवेदन कर सकेंगी। चयन प्रक्रिया जिला स्वास्थ्य समिति की निगरानी में पूरी की जाएगी और चयन आदेश वर्ष 2027 में जारी होंगे।

कहां और कैसे करें आवेदन?

अभ्यर्थी एमपी ई-सेवा पोर्टल eseva.mp.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगी। आवेदन की शुरुआत 16 नवंबर से होगी, जबकि अंतिम तारीख 16 दिसंबर 2026 निर्धारित की गई है।

कौन कर सकता है आवेदन?

  • आवेदिका संबंधित गांव की निवासी होनी चाहिए।
  • केवल विवाहित महिलाएं आवेदन कर सकेंगी।
  • न्यूनतम आयु 21 वर्ष और अधिकतम आयु 45 वर्ष निर्धारित है।
  • शैक्षणिक योग्यता कम से कम 10वीं पास होना जरूरी है।

जिला स्वास्थ्य समिति की निगरानी में होगा चयन

ग्रामीण आशा कार्यकर्ताओं का चयन जिला स्तर पर किया जाएगा। पूरी प्रक्रिया कलेक्टर की अध्यक्षता वाली जिला स्वास्थ्य समिति की निगरानी में होगी। ग्रामवार निर्धारित पदों और चयन के लिए चिह्नित गांवों के आधार पर ही नियुक्तियां की जाएंगी।

फरवरी 2027 तक पूरी होगी चयन प्रक्रिया

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, आवेदन और चयन प्रक्रिया के प्रमुख चरण इस प्रकार हैं:

  • 16 नवंबर से 16 दिसंबर 2026: ऑनलाइन आवेदन स्वीकार किए जाएंगे।
  • 17 से 25 दिसंबर 2026: प्राप्त आवेदनों को ग्रामसभा के सामने रखा जाएगा।
  • 26 दिसंबर 2026 से 18 जनवरी 2027: ग्रामसभा चयन प्रस्तावों को अनुमोदित कर आगे भेजेगी।
  • 19 जनवरी से 5 फरवरी 2027: विकासखंड स्तर पर दावे और आपत्तियों का निराकरण किया जाएगा।
  • फरवरी 2027: जिला स्तर पर अपील प्राप्त कर उनका निराकरण किया जाएगा।

इसके बाद चयन प्रक्रिया के अगले चरण पूरे कर नियुक्ति आदेश जारी किए जाएंगे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *