November 11, 2026

इंदौर। मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में मंगलवार को जलापूर्ति और भूजल संरक्षण से जुड़ी दो अहम खबरें सामने आईं। नर्मदा प्रोजेक्ट के तहत पाइपलाइन इंटरकनेक्शन और मरम्मत कार्यों के चलते शहर की 150 से अधिक कॉलोनियों में 12 घंटे पानी की सप्लाई प्रभावित रहेगी। वहीं, जल संकट के बीच बिना अनुमति बोरिंग करने वालों के खिलाफ नगर निगम ने कार्रवाई करते हुए तीन बोरिंग मशीनों पर कुल 40 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है।

पाइपलाइन इंटरकनेक्शन के लिए 12 घंटे का शटडाउन

नर्मदा प्रोजेक्ट के तहत शहर में पाइपलाइन इंटरकनेक्शन, लीकेज सुधार और वाल्व की मरम्मत का काम किया जा रहा है। इसके चलते मंगलवार सुबह 9 बजे से रात 9 बजे तक नर्मदा जलप्रदाय के पहले और दूसरे चरण की टंकियों से जुड़े क्षेत्रों में पानी की सप्लाई बंद रहेगी।

इस शटडाउन का असर एमजी रोड, छावनी, सुदामा नगर और राजमोहल्ला समेत 150 से अधिक इलाकों और कॉलोनियों पर पड़ेगा। नगर निगम ने नागरिकों को असुविधा से बचाने के लिए टैंकरों के जरिए पानी उपलब्ध कराने की बात कही है। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि वे पहले से ही अपनी जरूरत के मुताबिक पानी का पर्याप्त भंडारण कर लें।

तीन अवैध बोरिंग मशीनों पर 40 हजार का जुर्माना

दूसरी ओर, गिरते भूजल स्तर और जल संकट को देखते हुए नगर निगम ने अवैध बोरिंग के खिलाफ कार्रवाई की है। निगम के मुताबिक, जोन-4 के वार्ड-17 में बिना प्रशासनिक अनुमति के तीन स्थानों पर बोरिंग की जा रही थी।

नगर निगम की टीम जब मौके पर पहुंची, तब तक तीनों जगह बोरिंग का काम पूरा हो चुका था। इसके बाद निगम उपायुक्त मनोज चौहान और सीएसआई विजय यादव ने कार्रवाई करते हुए तीनों बोरिंग मशीनों पर कुल 40 हजार रुपये का जुर्माना लगाया।

311 ऐप से अनुमति लेना अनिवार्य

नगर निगम के अधिकारियों के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान मशीनें जब्त किए जाने की आशंका के चलते संचालकों ने मौके पर ही जुर्माने की राशि जमा करा दी।

निगम ने स्पष्ट किया है कि शहर में बोरिंग कराने के लिए नगर निगम के 311 ऐप के माध्यम से अनुमति लेना अनिवार्य है। बिना अनुमति बोरिंग कराने वालों के खिलाफ आगे भी आर्थिक और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *