उज्जैन। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को उज्जैन में करीब 539 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया। सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के तहत धार्मिक स्थलों के विकास और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के विस्तार से जुड़ी परियोजनाओं की आधारशिला रखी गई। इस दौरान मुख्यमंत्री ने वाल्मीकि धाम में धर्मशाला बनाने, जूना सोमवारिया में प्रस्तावित थाने का नाम वाल्मीकि धाम थाना रखने और वीर दुर्गादास छत्री के पास से सड़क निकालने की घोषणा की।

वाल्मीकि धाम में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सिंहस्थ में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए उज्जैन के आसपास स्थित देवस्थानों का विकास किया जा रहा है। शहर में बनने वाले अमृत द्वार और पांचजन्य द्वार का भूमिपूजन भी इसी आयोजन के दौरान किया गया।
मुख्यमंत्री ने मीडिया से चर्चा में कहा कि महर्षि वाल्मीकि के धाम पहुंचकर उन्होंने उन्हें नमन किया। साथ ही राज्यसभा सांसद और संत उमेशनाथ महाराज के आश्रम में उनके साथ पूरे आयोजन में भागीदारी की। उन्होंने कहा कि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर शहर में श्रद्धालुओं की सुविधा और विकास के लिए करीब 539 करोड़ रुपये के विभिन्न कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया गया है।
सिंहस्थ के बाद भी उपयोगी होंगे विकास कार्य
सीएम ने कहा कि उज्जैन विकास प्राधिकरण और राज्य सरकार के माध्यम से कराए जा रहे ये कार्य सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के साथ-साथ स्थायी महत्व के भी हैं। इनसे आने वाले समय में उज्जैन के निवासियों और श्रद्धालुओं को लाभ मिलेगा।
उन्होंने उम्मीद जताई कि शहर में विकास कार्यों का सिलसिला लगातार जारी रहेगा। मुख्यमंत्री के मुताबिक, ये परियोजनाएं सिंहस्थ के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं के साथ-साथ आयोजन के बाद उज्जैन पहुंचने वाले यात्रियों के लिए भी उपयोगी साबित होंगी। उन्होंने वाल्मीकि जयंती और शरद पूर्णिमा के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं भी दीं।
धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि दर्जी समाज का धाम भी अत्यंत पवित्र स्थान है, जहां देश और प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से श्रद्धालु पहुंचते हैं। उन्होंने वहां भी नमन करने की बात कही।
सीएम ने बताया कि इससे पहले वे नलखेड़ा स्थित मां बगलामुखी धाम में करीब 85 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का शुभारंभ कर आए हैं। उन्होंने कहा कि बगलामुखी धाम आस्था का महत्वपूर्ण केंद्र है, जहां देशभर से श्रद्धालु पूजन, हवन और अनुष्ठान के लिए आते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के प्रत्येक देवस्थान पर श्रद्धालुओं की सुविधाओं को ध्यान में रखकर व्यवस्थाएं विकसित की जा रही हैं, ताकि उनकी परेशानियां कम हों और मध्य प्रदेश धार्मिक पर्यटन के बड़े केंद्र के रूप में उभर सके।