November 25, 2026

रायपुर। ‘ज्ञानु और जानू’ वीडियो को लेकर विवादों में घिरे जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के नेता अमित जोगी को पूछताछ के लिए रायपुर पुलिस तलाश रही है। इस बीच अमित जोगी ने गुजरात के सूरत शहर से गुजराती थाली का आनंद लेते हुए अपनी तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा की है। उनके रायपुर में मौजूद नहीं होने के बाद फरार होने की चर्चाएं तेज हो गई थीं। हालांकि, पार्टी ने इन खबरों को भ्रामक बताया है।

वीडियो विवाद में पुलिस ने दर्ज किया मामला

कथित आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद भाजपा नेताओं ने अमित जोगी के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। रायपुर की सिविल लाइंस पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 196, 352, 353(2), 356(2) और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।

पुलिस अमित जोगी से पूछताछ करना चाहती है। इसके लिए जोगी निवास के बाहर नोटिस भी चस्पा किया गया है। सोशल मीडिया पर विवाद बढ़ने के बाद अमित जोगी ने माफी मांगते हुए संबंधित पोस्ट डिलीट कर दी थी।

पार्टी ने कहा- पहले से तय था दौरा

जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के प्रदेश संगठन महामंत्री निलेश चौहान ने बयान जारी कर अमित जोगी के फरार होने की खबरों को भ्रामक बताया है। उन्होंने कहा कि अमित जोगी का 2 नवंबर से 8 नवंबर तक निजी कार्यक्रम के तहत प्रदेश से बाहर रहने का दौरा पहले से निर्धारित था।

चौहान के मुताबिक, अमित जोगी ने ईमेल के माध्यम से संबंधित थाने के प्रभारियों को अपने दौरे की जानकारी दे दी थी। उन्होंने 9 नवंबर को थाने में उपस्थित होने की बात भी स्पष्ट की है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *