कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में चलती इलेक्ट्रिक स्कूटी में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। स्कूटी पर सवार भाई-बहन ने समय रहते वाहन से कूदकर अपनी जान बचाई। देखते ही देखते आग ने पूरी स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया और वाहन जलकर खाक हो गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

भिलाईबाजार तालाब के पास हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, पीयूष कंवर अपनी बहन कुसमुंडा से कटकीडबरी लौट रहे थे। इसी दौरान भिलाईबाजार तालाब के पास उनकी इलेक्ट्रिक स्कूटी में अचानक आग लग गई। आग लगते ही दोनों भाई-बहन ने सूझबूझ दिखाते हुए स्कूटी से छलांग लगा दी और अपनी जान बचाई।
धू-धूकर जली स्कूटी, वीडियो वायरल
स्कूटी में लगी आग देखते ही देखते भीषण हो गई। कुछ ही देर में पूरा वाहन आग की चपेट में आ गया और जलकर खाक हो गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में स्कूटी को आग की लपटों से घिरा हुआ देखा जा सकता है।
इलेक्ट्रिक वाहनों की सुरक्षा पर उठे सवाल
बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले कटघोरा कॉलेज के पास भी इसी तरह इलेक्ट्रिक स्कूटी में आग लगने की घटना सामने आई थी। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं से इलेक्ट्रिक वाहनों की सुरक्षा और उनकी तकनीकी गुणवत्ता को लेकर सवाल उठने लगे हैं।