September 23, 2026

उज्जैन। शहर के खारा कुआं थाना क्षेत्र में ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। छोटा सराफा क्षेत्र की रहने वाली एक महिला के बैंक खाते से साइबर ठगों ने 1 लाख रुपए निकाल लिए। महिला के मुताबिक, उसने ऑनलाइन शॉपिंग वेबसाइट सर्च की थी। इसी दौरान मोबाइल पर आए एक ऐप डाउनलोड लिंक पर क्लिक करने के बाद उसके खाते से रकम निकल गई।

महिला ने घटना की शिकायत साइबर हेल्पलाइन और खारा कुआं पुलिस थाने में दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

शॉपिंग वेबसाइट सर्च करते समय आया लिंक

जानकारी के मुताबिक, चंचल भीमवानी ने गूगल पर ऑनलाइन शॉपिंग वेबसाइट सर्च की थी। इसी दौरान उनके मोबाइल पर एक ऐप डाउनलोड करने का लिंक आया।

महिला के अनुसार, लिंक पर क्लिक करने के बाद उनके बैंक खाते से रकम निकल गई। घटना के बाद उन्होंने तुरंत साइबर हेल्पलाइन और साइबर क्राइम पोर्टल के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई।

दो UPI ट्रांजैक्शन में निकाले 1 लाख

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महिला के खाते से दो अलग-अलग UPI ट्रांजैक्शन के जरिए कुल 1 लाख रुपए निकाले गए।

पुलिस अब दोनों ट्रांजैक्शन से जुड़ी UPI आईडी और लेनदेन की जानकारी खंगाल रही है। महिला के बयान भी दर्ज किए गए हैं। पुलिस साइबर क्राइम पोर्टल से मिली जानकारी के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

धोखाधड़ी का केस दर्ज, जांच जारी

पुलिस ने मामले में धोखाधड़ी से संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, ऑनलाइन ठगी में इस्तेमाल हुए लेनदेन और संबंधित खातों की जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अनजान लिंक, ऐप डाउनलोड लिंक या ऑनलाइन शॉपिंग से जुड़े संदिग्ध लिंक पर बिना जांच किए क्लिक न करें। किसी भी ऐप को डाउनलोड करने से पहले उसके स्रोत और वेबसाइट की विश्वसनीयता की जांच करना जरूरी है।

संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बैंकिंग और निजी जानकारी साइबर ठगों के हाथ लग सकती है, इसलिए ऑनलाइन लेनदेन के दौरान सावधानी बरतने की जरूरत है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *