September 22, 2026

सीहोर। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रिश्वत मांगने की शिकायत पर कृषि मंत्रालय के विपणन अधिकारी अनुराग के खिलाफ तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। शिकायत के बाद अधिकारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

मामला सीहोर जिले के बुधनी विधानसभा क्षेत्र का है, जहां निरीक्षण के दौरान विपणन अधिकारी पर दो वेयरहाउस संचालकों से सब्सिडी की राशि जारी करने के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप लगा।

दो वेयरहाउस से रिश्वत मांगने की शिकायत

शिकायत के मुताबिक, भैरुंदा तहसील स्थित शिवाय वेयरहाउस से कथित तौर पर 1 लाख रुपये और रेहटी क्षेत्र के ग्राम बेहराखेड़ी स्थित श्री कृष्णा वेयरहाउस से 60 हजार रुपये की रिश्वत मांगी गई थी।

आरोप है कि यह रकम वेयरहाउस से संबंधित सब्सिडी की राशि जारी करने के एवज में मांगी गई थी। मामले की शिकायत केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान तक पहुंची।

शिकायत मिलते ही दिए कार्रवाई के निर्देश

मामले को गंभीरता से लेते हुए केंद्रीय कृषि मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद कृषि मंत्रालय के विपणन अधिकारी अनुराग को निलंबित कर दिया गया

निलंबन के साथ मामले की विभागीय स्तर पर जांच की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाए जाने की बात सामने आई है। हालांकि, शिकायत में लगाए गए रिश्वत मांगने के आरोपों की अंतिम पुष्टि जांच के निष्कर्षों के बाद ही होगी।

किसानों और वेयरहाउस संचालकों से जुड़ी प्रक्रिया पर सख्ती

इस कार्रवाई के बाद सरकारी योजनाओं और सब्सिडी से जुड़ी प्रक्रियाओं में पारदर्शिता को लेकर मंत्रालय की ओर से सख्त संदेश दिया गया है। किसानों और वेयरहाउस संचालकों से संबंधित सरकारी कार्यों में रिश्वत या किसी भी तरह की अनियमितता की शिकायत मिलने पर कार्रवाई की बात कही गई है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *