November 10, 2026

रायपुर। देश के चार राज्यों में हुए एमएलसी चुनाव में कांग्रेस को मिली शिकस्त पर भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने तंज कसा है। उन्होंने कहा कि 140 साल पुरानी कांग्रेस पार्टी केवल स्वार्थ की राजनीति करती है। ईवीएम से होने वाले चुनाव कांग्रेस को पसंद नहीं आ रहे हैं, लेकिन एमएलसी चुनाव बैलेट पेपर से हुए और इसमें भी पार्टी का सूपड़ा साफ हो गया।

पुरंदर मिश्रा ने कटाक्ष करते हुए कहा, “अब क्या बैलेट पेपर से चुनाव की मांग करने वाली कांग्रेस हाथ उठवाकर चुनाव कराएगी? जो बेईमानी करता है, उसका सबकुछ बेईमानी ही होता है।”

कांग्रेस की दिल्ली रैली पर भी साधा निशाना

एक नवंबर को दिल्ली में होने वाली कांग्रेस की महारैली में छत्तीसगढ़ से हजारों कार्यकर्ताओं के शामिल होने के सवाल पर विधायक ने कहा कि कांग्रेसी राज्योत्सव से डरकर भाग रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपनी रैली बाद में भी कर सकती थी, क्योंकि राज्योत्सव पूरे छत्तीसगढ़ का उत्सव है।

मिश्रा ने कहा कि राज्योत्सव के दिन प्रदेशवासियों को उत्सव मनाना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि यदि उसी दिन रैली आयोजित की जाएगी तो छत्तीसगढ़ महतारी उन्हें माफ नहीं करेगी।

कवर्धा में कुपोषण के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरा

कवर्धा क्षेत्र में कुपोषण के मुद्दे पर छत्तीसगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के बयान को लेकर भी पुरंदर मिश्रा ने पलटवार किया। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि जब वर्ष 2018 में कांग्रेस की सरकार थी, तब दीपक बैज क्या कर रहे थे? उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस खुद काम नहीं करती और भाजपा को बदनाम करने का प्रयास करती है।

फसल नुकसान पर बोले- सर्वे के बाद किसानों के हित में होगा फैसला

चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के कारण किसानों की फसल खराब होने के सवाल पर भाजपा विधायक ने कहा कि अधिकारी नुकसान का सर्वे करेंगे। उन्होंने कहा कि किसानों के हित में जो भी उचित होगा, सरकार उस दिशा में कदम उठाएगी।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *