छतरपुर। मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करने वाला एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। लवकुशनगर और राजनगर वन परिक्षेत्र से जुड़े इस कथित मामले में वन विभाग के बीट गार्ड एवं डिप्टी रेंजर भास्कर खरे अधिकारियों से लेकर कलेक्टर, कमिश्नर और मुख्यमंत्री तक रिश्वत की रकम पहुंचने की बात कहते नजर आ रहे हैं। वीडियो में उन्होंने विभाग के भीतर कथित तौर पर संगठित भ्रष्टाचार का नेटवर्क चलने का दावा किया है।

सागौन की कटाई और वन भूमि पर कब्जे का आरोप
वायरल वीडियो में डिप्टी रेंजर भास्कर खरे वन क्षेत्र में सागौन सहित कीमती लकड़ियों की अवैध कटाई, रेत और मुरम के अवैध उत्खनन व बिक्री तथा वन विभाग की जमीनों पर कब्जा कर खेती कराने जैसे मामलों का जिक्र करते दिखाई दे रहे हैं।
उनका दावा है कि यह अवैध गतिविधियां पिछले कई वर्षों से जारी हैं और इसमें निचले स्तर से लेकर वरिष्ठ अधिकारियों तक का एक मजबूत नेटवर्क काम कर रहा है। वीडियो में उन्होंने कथित तौर पर भ्रष्टाचार की रकम ऊपर तक पहुंचने की बात भी कही है।
वायरल वीडियो से वन विभाग में हलचल
वीडियो सामने आने के बाद प्रशासनिक और वन विभाग के गलियारों में हलचल मच गई है। आरोपों ने विभाग की निगरानी व्यवस्था और जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
हालांकि, वायरल वीडियो में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है। यह भी स्पष्ट होना बाकी है कि वीडियो किस परिस्थिति में बनाया गया था और इसमें किए गए दावों में कितनी सच्चाई है।
डीएफओ बोले- जांच के बाद होगी कार्रवाई
मामले के तूल पकड़ने के बाद वन विभाग ने संज्ञान लिया है। डीएफओ ऋषि ने बताया कि वायरल वीडियो की सत्यता की जांच कराई जा रही है। उनके अनुसार, वीडियो 7 से 8 महीने पुराना बताया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट आने के बाद जो भी तथ्य सही पाए जाएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
अब जांच के नतीजों पर नजर है। यह देखना अहम होगा कि वीडियो में लगाए गए आरोपों की पुष्टि होती है या नहीं और यदि भ्रष्टाचार के दावे सही पाए जाते हैं तो संबंधित लोगों पर क्या कार्रवाई की जाती है।