भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में बीजेपी की ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ पदयात्रा में बुर्का पहने कई मुस्लिम महिलाएं भी शामिल हुईं। महिलाओं के हाथों में केंद्र सरकार के समर्थन और तीन तलाक कानून के लिए मोदी सरकार का आभार जताने वाले पोस्टर दिखाई दिए। वहीं, शहर में ‘कहीं नहीं जाएंगे मोदी जी’ लिखे पोस्टर भी लगाए गए।

अटल पथ से रोशनपुरा तक निकली पदयात्रा
बीजेपी की यह पदयात्रा बुधवार को टीटी नगर स्थित प्लेटिनम प्लाजा के पास अटल पथ से शुरू होकर रोशनपुरा तक निकाली गई। इसमें केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल सहित पार्टी के कई नेता शामिल हुए।
तीन तलाक कानून को लेकर जताया आभार
पदयात्रा में शामिल बुर्का पहने महिलाओं के हाथों में अलग-अलग बैनर और पोस्टर थे। इनमें ‘तीन तलाक की कुप्रथा पर प्रहार, मोदी सरकार का ऐतिहासिक उपहार’, ‘मुस्लिम महिलाओं को मिला सम्मान, मोदी जी का आभार और अभिनंदन’ और ‘तीन तलाक से मिली आजादी, लोकतंत्र ने निभाई जिम्मेदारी’ जैसे संदेश लिखे थे।
इसके अलावा भोपाल में कई जगह ‘कहीं नहीं जाएंगे मोदी जी’ के पोस्टर भी नजर आए। पदयात्रा के दौरान इन नारों और पोस्टरों ने राजनीतिक माहौल में चर्चा पैदा की।