November 29, 2026

भोपाल। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के दीपावली को ‘खुशियों की ईद’ बताने वाले बयान पर मध्य प्रदेश की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है। भोपाल की हुजूर विधानसभा सीट से भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने खड़गे के बयान पर पलटवार करते हुए कांग्रेस पर सनातन संस्कृति और हिंदू त्योहारों की अनदेखी करने का आरोप लगाया है।

शर्मा ने कहा कि कांग्रेस के नेताओं के दिमाग में केवल ‘ईद’ बसी हुई है। इसी वजह से वे दीपावली जैसे महापर्व, मां लक्ष्मी की आराधना और भारतीय संस्कृति से जुड़े पर्वों के महत्व को भूल रहे हैं।

‘एक अबोध बालक के कारण गर्त में गई कांग्रेस’

रामेश्वर शर्मा ने कांग्रेस नेतृत्व के साथ राहुल गांधी पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस में मुस्लिम पक्ष का प्रभाव एक ‘अबोध बालक’ के कारण तेजी से बढ़ा है और पार्टी लगातार कमजोर होती गई है।

शर्मा के मुताबिक, पहले राहुल गांधी की नीतियों ने कांग्रेस को नुकसान पहुंचाया और अब पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की समझ भी प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि इसी का नतीजा है कि मल्लिकार्जुन खड़गे जैसे अनुभवी नेता भी दीपावली के मौके पर ईद से जुड़ी बातें कर रहे हैं।

‘आपके ईद कहने से हमारी दीपावली खराब नहीं होगी’

भाजपा विधायक ने खड़गे को जवाब देते हुए कहा, “खड़गे जी, आपके ईद कहने से हमारी दीपावली खराब नहीं होगी। हमारी दीपावली की आतिशबाजी और मिठाइयां समाज में मिठास ही घोलेंगी।”

उन्होंने रामचरितमानस की चौपाई ‘जाको प्रभु दारुण दुख देई, ताकी मति पहले हर लेई’ का उल्लेख करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा। शर्मा ने दावा किया कि कांग्रेस अपना विवेक खो चुकी है। उन्होंने यह भी भविष्यवाणी की कि अगले चार से छह साल में कांग्रेस पार्टी स्वतः समाप्त हो जाएगी।

सनातन संस्कृति और विविधता का किया उल्लेख

अपने बयान में रामेश्वर शर्मा ने भारत की धार्मिक और सांस्कृतिक विविधता का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि देश में दीपावली, रामनवमी, जन्माष्टमी, महावीर जयंती, बुद्ध पूर्णिमा और गुरु नानक जयंती जैसे पर्व मनाए जाते हैं।

शर्मा ने कहा कि सनातन संस्कृति की मिठास और उसके पर्वों की परंपरा पर किसी के कटाक्ष का असर नहीं होगा। उनके मुताबिक, दीपावली और अन्य सनातन पर्व देश में हमेशा श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाए जाते रहेंगे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *