कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में कोदो की फसल कटाई के बाद खेतों में बची नरई चरने से करीब 40 गायों के बीमार होने का मामला सामने आया है। इनमें से तीन गायों की मौत होने की भी खबर है। घटना के बाद पशुपालकों में चिंता और नाराजगी का माहौल है।

40 गायें बीमार, तीन की मौत
मामला सहसपुर लोहारा जनपद पंचायत के सूरजपुरा जंगल और पिरचाटोला गांव का बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, कोदो की फसल कटाई के बाद खेतों में बची नरई चरने के बाद करीब 40 गायों की तबीयत बिगड़ गई। इनमें से तीन मवेशियों की मौत होने की बात सामने आई है।
सूचना के 12 घंटे बाद भी इलाज नहीं मिलने का आरोप
पशुपालकों का आरोप है कि मवेशियों के बीमार होने की सूचना पशु चिकित्सा विभाग को देने के करीब 12 घंटे बाद भी समुचित उपचार की व्यवस्था नहीं की गई।
ग्रामीणों के मुताबिक, मौके पर केवल दो गौ सेवकों को भेजा गया था, लेकिन उनके पास आवश्यक दवाइयां उपलब्ध नहीं थीं। पशुपालकों ने समय पर इलाज नहीं मिलने को लेकर नाराजगी जताई है।
गायों की मौत के कारणों की पुष्टि नहीं
फिलहाल गायों की मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। कोदो की नरई चरने और मवेशियों के बीमार होने के बीच संबंध की भी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मामले में पशु चिकित्सा विभाग का आधिकारिक पक्ष सामने आना बाकी है।
अब विभाग की जांच और उपचार संबंधी कार्रवाई पर नजर है। साथ ही, यह भी स्पष्ट होना बाकी है कि गायों की मौत किन कारणों से हुई।