रायपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सरसंघचालक मोहन भागवत को वर्ष 2026 का ‘महाकवि आचार्य विद्यासागर अलंकरण’ प्रदान किया गया है। डोंगरगढ़ की विद्यासागरोदय विद्यायतन समाधि स्मारक समिति की ओर से दिए जाने वाले इस सम्मान के तहत उन्हें राष्ट्रव्यापी सेवाओं और राष्ट्र जागरण में योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

समिति के विनोद बडजात्या के अनुसार, भोपाल में आयोजित समारोह में मोहन भागवत को यह अलंकरण प्रदान किया गया। वर्ष 2021 में शुरू किए गए इस सम्मान का उद्देश्य आचार्य विद्यासागर महाराज के विचारों और सेवा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है।
2021 में हुई थी अलंकरण की शुरुआत
आचार्य विद्यासागर महाराज के 50वें आचार्य पदारोहण वर्ष 2021-22 के अवसर पर मध्य प्रदेश के जबलपुर में इस अलंकरण की शुरुआत की गई थी। इसके तहत चयनित व्यक्ति या संस्था को सोने-चांदी से निर्मित विशेष पदक, प्रशस्ति पत्र और एक लाख रुपये की नकद राशि प्रदान की जाती है।
यह सम्मान मानव सेवा, राष्ट्रीय सेवा, विश्व शांति, शाकाहार के प्रचार, जीवों की रक्षा और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों और संस्थाओं को दिया जाता है।
अब तक इन हस्तियों और संस्थाओं को मिल चुका है सम्मान
समिति की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, वर्ष 2021 में पहला अलंकरण उद्योगपति अशोक पाटनी को प्रदान किया गया था। उन्हें बाढ़ प्रभावित गरीब परिवारों के लिए मकान बनवाने, विधवा महिलाओं को पेंशन देने और गरीब बच्चों की शिक्षा में मदद करने जैसे कार्यों के लिए सम्मानित किया गया था।
वर्ष 2022 में यह सम्मान लोकबिरादरी प्रकल्प के प्रणेता डॉ. प्रकाश आमटे को दिया गया। डॉ. आमटे और उनकी पत्नी डॉ. मंदाकिनी आमटे आदिवासी समाज की सेवा और जीवों की देखभाल के कार्यों के लिए जाने जाते हैं।
वर्ष 2023 में पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में योगदान के लिए कैलाश मानव को अलंकरण प्रदान किया गया। वहीं, वर्ष 2024 में गोवंश संरक्षण और पशु सेवा के लिए काम करने वाली भोपाल की दयोदय महासंघ को सम्मानित किया गया था। समिति के अनुसार, यह संस्था मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में 100 से अधिक गौशालाओं का संचालन करती है। इन गौशालाओं के माध्यम से एक लाख से अधिक निराश्रित, घायल और बीमार पशुओं को बचाने का दावा किया गया है। वर्ष 2024 का सम्मान समारोह रायपुर में आयोजित हुआ था।
आचार्य समयसागर महाराज के सानिध्य में हुआ समारोह
समिति की विज्ञप्ति के मुताबिक, भोपाल में आयोजित सम्मान समारोह आचार्य समयसागर महाराज के आशीर्वाद, सानिध्य और मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में देशभर से संतों, विद्वानों और गणमान्य नागरिकों के शामिल होने की जानकारी दी गई है।
डोंगरगढ़ की विद्यासागरोदय विद्यायतन समाधि स्मारक समिति शिक्षा, साहित्य, सेवा और संस्कार के क्षेत्र में भी कार्य कर रही है। समिति का उद्देश्य इस अलंकरण के माध्यम से आचार्य विद्यासागर महाराज के अहिंसा, करुणा, संयम और ‘जियो और जीने दो’ के संदेश को आगे बढ़ाना है।