November 6, 2026

खंडवा। मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा हो गया। ग्राम नाहल्दा के पास पानी से भरी एक खदान में प्रतिमा विसर्जन के दौरान पांच लोग डूब गए। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल रेस्क्यू कर तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि दो नाबालिग सगे भाइयों की तलाश अभी जारी है।

हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। होमगार्ड और एसडीईआरएफ की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया है। दोनों नाबालिगों की तलाश के लिए स्पीड बोट की मदद ली जा रही है।

प्रतिमा विसर्जन के दौरान पानी में उतरे थे पांच युवक

घटना ग्राम नाहल्दा के पास की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए पांच युवक पानी से भरी खदान के पास पहुंचे थे। ग्रामीणों के अनुसार, प्रतिमा विसर्जन के दौरान पानी में उतरते ही सभी लोग गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।

आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल बचाव की कोशिश की और तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। वहीं दो नाबालिग सगे भाई गहरे पानी में चले गए, जिनका अब तक पता नहीं चल पाया है।

सड़क निर्माण के दौरान खोदी गई थी खदान

स्थानीय ग्रामीण कैलाश पटेल के मुताबिक, सड़क निर्माण के दौरान यहां खदान खोदी गई थी, जिसमें बारिश का पानी भर गया है। ग्रामीणों का कहना है कि इस स्थान पर पहली बार गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए युवक पहुंचे थे।

एसडीईआरएफ और होमगार्ड की टीम कर रही तलाश

हादसे की जानकारी मिलते ही खंडवा एसडीएम, तहसीलदार और कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। होमगार्ड और एसडीईआरएफ की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और दोनों नाबालिग भाइयों की तलाश शुरू की।

रेस्क्यू टीम स्पीड बोट की मदद से खदान के गहरे पानी में सर्च ऑपरेशन चला रही है। प्रशासनिक अधिकारी मौके पर रहकर पूरे बचाव अभियान की निगरानी कर रहे हैं।

फिलहाल दोनों नाबालिगों की तलाश जारी है और रेस्क्यू टीम की ओर से लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *