रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा पटना में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिवंगत पिता को लेकर की गई टिप्पणी की निंदा की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राजनीतिक विरोध करते हुए कांग्रेस अब भाषा की मर्यादा और भारतीय संस्कारों की सीमाएं भी लांघ रही है।

सोशल मीडिया पर सीएम साय ने जताई आपत्ति
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट साझा कर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने लिखा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विरोध करते-करते उनके दिवंगत पिता को निशाना बनाना कांग्रेस की राजनीतिक सोच और वैचारिक स्थिति को दर्शाता है।
सीएम साय ने कहा कि प्रधानमंत्री के प्रति राजनीतिक द्वेष में कांग्रेस जिस तरह की भाषा का इस्तेमाल कर रही है, उसे पूरा देश देख रहा है। उनके मुताबिक, राजनीतिक विरोध की आड़ में इस तरह की टिप्पणी करना अनुचित है।
खड़गे से सार्वजनिक माफी की मांग
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता कांग्रेस की ऐसी राजनीति को पहचान चुकी है। उन्होंने दावा किया कि जब-जब कांग्रेस ने इस तरह की भाषा अपनाई है, जनता ने उसे लोकतांत्रिक तरीके से जवाब दिया है।
सीएम साय ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से अपनी टिप्पणी के लिए देश के सामने सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की। उन्होंने कहा कि जनता ऐसी राजनीति को न भूलेगी और न स्वीकार करेगी तथा समय आने पर अपने लोकतांत्रिक अधिकारों के जरिए जवाब देगी।