धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में एक दर्दनाक हादसे में खाट पर सो रहे बुजुर्ग की आग में झुलसने से मौत हो गई। घटना बिरेझर चौकी क्षेत्र के नवागांव कचना की है। मृतक की पहचान नोहर यादव के रूप में हुई है। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है, हालांकि प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है।

खाट में अचानक लगी आग
जानकारी के अनुसार, नोहर यादव गुरुवार रात खाना खाने के बाद रोज की तरह अपनी खाट पर सो गए थे। देर रात अचानक उनकी खाट में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
बताया गया कि बिजली बंद होने के बाद जब परिजनों ने जाकर देखा, तो बुजुर्ग आग में झुलस रहे थे। इसके बाद परिवार के लोगों ने आनन-फानन में आग बुझाई और उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले गए।
करीब 60 प्रतिशत झुलसे बुजुर्ग, अस्पताल में मौत
हादसे में नोहर यादव करीब 60 प्रतिशत तक झुलस गए थे। परिजन उन्हें जिला अस्पताल धमतरी लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया। हालांकि, इलाज के दौरान बुजुर्ग ने दम तोड़ दिया।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
घटना के बाद शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया है। इस हादसे के बाद गांव और आसपास के इलाके में शोक का माहौल है।