November 27, 2026

भोपाल। मध्य प्रदेश कैडर के 2014 बैच के IPS अधिकारी अनुराग सुजानिया ने 38 साल की उम्र में पुलिस सेवा छोड़ने का फैसला लिया है। सागर जहरीली शराब कांड के बाद उन्हें जिले की जिम्मेदारी से हटाकर पुलिस मुख्यालय में AIG बनाया गया था। अब उनके इस फैसले को लेकर प्रदेश में सियासत भी शुरू हो गई है। कांग्रेस ने इसे शराब माफिया और भ्रष्टाचार से जोड़ते हुए भाजपा सरकार पर सवाल उठाए हैं, जबकि भाजपा ने कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार किया है।

कांग्रेस ने भाजपा पर लगाए आरोप

कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता डॉ. विक्रम चौधरी ने कहा कि जहरीली शराब से जुड़े दो मामलों में IPS जैसे मजबूत पद पर बैठे अधिकारी भी भाजपा के भ्रष्टाचार और शराब माफिया के गठजोड़ के सामने असहाय हो गए हैं।

उन्होंने कहा कि जब खुद्दार अधिकारियों को लगता है कि वे अपराधियों को उजागर नहीं कर सकते, जनता के हितों की लड़ाई नहीं लड़ सकते और कानून स्थापित नहीं कर सकते, तो वे मजबूरी में सेवा छोड़ने का फैसला करते हैं। इतनी मेहनत और पढ़ाई के बाद हासिल किए गए पद को छोड़ना पूरे समाज को निराश करता है। चौधरी ने मामले में कुछ छिपाए जाने की आशंका जताते हुए इसकी जानकारी सामने लाने की जरूरत बताई।

भाजपा ने किया पलटवार

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अजय सिंह यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश में सभी अधिकारी और कर्मचारी पूरी ईमानदारी तथा कर्तव्यपरायणता से जनता की सेवा कर रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस पर नकारात्मक राजनीति करने का आरोप लगाया।

यादव ने कहा कि सागर और देवास के मामलों में कांग्रेस इन्हीं अधिकारियों पर कार्रवाई का दबाव बना रही थी और सरकार पर उन्हें संरक्षण देने के आरोप लगा रही थी। अब जब कोई अधिकारी खुद सेवा छोड़ने का निर्णय ले रहा है, तो कांग्रेस अलग तरह की बातें कर रही है।

उन्होंने कहा कि अधिकारियों पर इस तरह दबाव बनाना उचित नहीं है। सेवा छोड़ने का फैसला अधिकारी का व्यक्तिगत मामला है और सरकार नियमों के अनुसार निर्णय लेगी।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *