November 29, 2026

इंदौर। मध्यप्रदेश के इंदौर जिले के गौतमपुरा में दीपावली के दूसरे दिन सदियों पुरानी हिंगोट युद्ध की परंपरा निभाई गई। रोमांच, आस्था और साहस के इस अनूठे आयोजन को देखने के लिए करीब 8 से 10 हजार लोग पहुंचे। परंपरा के अनुसार कलंगी और तुर्रा दल के योद्धा आमने-सामने हुए। करीब डेढ़ घंटे तक चले मुकाबले में छह लोग घायल हुए। दोनों दलों के बीच मुकाबला बराबरी पर छूटा और परंपरागत घोषणा ‘ना तुम जीते, ना हम’ के साथ युद्ध संपन्न हुआ।

तिलक लगाकर महिलाओं ने योद्धाओं को किया विदा

हिंगोट युद्ध में शामिल होने से पहले दोनों दलों के योद्धाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाज निभाए। घर की महिलाओं ने उन्हें तिलक लगाकर मंगलकामनाओं के साथ विदा किया। इसके बाद योद्धाओं ने भगवान देवनारायण के दर्शन कर आशीर्वाद लिया और युद्ध मैदान में पहुंचे।

निर्धारित आदेश मिलते ही कलंगी और तुर्रा दल के बीच हिंगोट चलाने की परंपरा शुरू हुई। दोनों ओर से हिंगोट के जलते गोले छोड़े गए। योद्धाओं ने ढालों की मदद से एक-दूसरे के वार का सामना किया।

200 से ज्यादा योद्धाओं ने संभाला मोर्चा

इस बार युद्ध में स्थानीय योद्धाओं के साथ बाहर से आए लोगों ने भी हिंगोट खरीदकर हिस्सा लिया। मैदान में एक ओर करीब 200 से 250 योद्धा थे, जबकि दूसरी ओर 50 से 100 योद्धाओं ने मोर्चा संभाला। मुकाबले के दौरान कई योद्धाओं के कपड़ों और झोलियों में आग लगी। जलते हुए हिंगोट इधर-उधर गिरते रहे।

क्षेत्रीय विधायक मनोज पटेल भी पारंपरिक युद्ध देखने पहुंचे। बड़ी संख्या में मौजूद दर्शकों ने करीब डेढ़ घंटे तक चले मुकाबले का रोमांच देखा।

छह लोग घायल, दो अस्पताल में भर्ती

प्रशासन के मुताबिक इस बार हिंगोट युद्ध में कुल छह लोग घायल हुए। इनमें से दो को गौतमपुरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जबकि चार घायलों को 108 एंबुलेंस में ही उपचार देने के बाद छुट्टी दे दी गई। अधिकारियों के अनुसार घायलों की संख्या पिछले आयोजनों की तुलना में कम रही।

सुरक्षा के लिए पुलिस, कोटवार और सुरक्षा समिति के सदस्य तैनात रहे। देपालपुर और बेटमा सहित अन्य थानों का पुलिस बल तथा थाना प्रभारी भी मौके पर मौजूद थे। स्वास्थ्य विभाग ने छह एंबुलेंस की व्यवस्था की थी और 40 से अधिक स्वास्थ्यकर्मियों ने सेवाएं दीं।

बराबरी पर छूटा मुकाबला, कायम रही सदियों पुरानी परंपरा

गौतमपुरा का हिंगोट युद्ध हर साल दीपावली के दूसरे दिन आयोजित किया जाता है। इसमें कलंगी और तुर्रा दल के योद्धा पारंपरिक तरीके से एक-दूसरे पर जलते हिंगोट से वार करते हैं। इस बार भी करीब डेढ़ घंटे तक चले मुकाबले में किसी एक दल को विजेता घोषित नहीं किया गया।

आयोजन का समापन ‘ना तुम जीते, ना हम’ की परंपरागत घोषणा के साथ हुआ। छह लोगों के घायल होने के बावजूद इस बार भी गौतमपुरा की सदियों पुरानी हिंगोट युद्ध परंपरा निभाई गई।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *