मध्य प्रदेश के ग्वालियर में शीतला माता मंदिर के पास हुए दर्दनाक हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 16 हो गई है। हादसे में घायल 78 वर्षीय मोतीराम प्रजापति ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन लगातार प्रयास कर रहा है। गंभीर घायलों को एयर एंबुलेंस के जरिए भोपाल एम्स रेफर किया जा रहा है।

16 वर्षीय कल्पना परिहार को एयर एंबुलेंस से भोपाल एम्स भेजा
प्रशासनिक जानकारी के अनुसार, हादसे में गंभीर रूप से घायल 16 वर्षीय कल्पना परिहार को बेहतर इलाज के लिए एयर एंबुलेंस से भोपाल एम्स शिफ्ट किया गया है। इससे पहले गंभीर रूप से घायल संजय शर्मा को भी एयर एंबुलेंस के माध्यम से ग्वालियर से भोपाल एम्स भेजा जा चुका है। वहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार जारी है।
प्रशासन का कहना है कि घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं।
हादसे के पीड़ित परिवारों से मिलेंगे जीतू पटवारी
शीतला माता मंदिर हादसे के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी आज ग्वालियर दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों से उनके घर जाकर मुलाकात करेंगे और शोक संवेदनाएं व्यक्त करेंगे।
इसके बाद पटवारी शासकीय अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर पहुंचकर घायलों से मुलाकात करेंगे। वे डॉक्टरों से भी चर्चा कर घायलों के स्वास्थ्य और उपचार की जानकारी लेंगे।
ट्रॉमा सेंटर में पत्रकार वार्ता करेंगे PCC चीफ
घायलों और उनके परिजनों से मुलाकात के बाद जीतू पटवारी ट्रॉमा सेंटर परिसर में पत्रकार वार्ता को संबोधित करेंगे। इस दौरान वे हादसे से जुड़े घटनाक्रम और मौजूदा स्थिति पर अपनी बात रखेंगे।
हादसे में मृतकों की संख्या बढ़ने और कई लोगों के गंभीर रूप से घायल होने के बाद प्रशासन की ओर से उपचार और राहत व्यवस्था पर ध्यान दिया जा रहा है।