May 16, 2026

कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। “शिक्षा शून्य से शिखर तक” के संकल्प के साथ मध्य प्रदेश में RSS का प्रदेश में पहला विश्वविद्यालय खुलने जा रहा है। 110 करोड़ की लागत से 55 बीघा जमीन पर यह विश्वविद्यालय शिवपुरी लिंक रोड स्तिथ बेला गांव में आकार लेगा। 4 मई को मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव भूमि पूजन करेंगे। विश्वविद्यालय ऋषि गालव के नाम पर होगा। इस दौरान कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में सुरेश सोनी भी मौजूद रहेंगे।

नर्सिंग, पैरामेडिकल से लेकर मैनेजमेंट और इंजीनियरिंग कोर्स संचालित होंगे

दरअसल, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के इस विश्वविद्यालय का संचालन मध्य भारत शिक्षा समिति करेगा। मध्य भारत शिक्षा समिति वर्तमान में ग्वालियर में माधव कॉलेज, PGV कॉलेज का भी संचालन कर रही है। ऐसे में ऋषि गालव विश्वविद्यालय की 5000 छात्रों की प्रवेश क्षमता होगी, जहां नर्सिंग पैरामेडिकल से लेकर मैनेजमेंट और इंजीनियरिंग कोर्स संचालित होंगे। 

अगले साल सत्र 2027-28 में शुरू होंगे एडमिशन

मध्य भारत शिक्षा समिति सचिव राजेंद्र वैद्य ने बताया कि संघ नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति को आगे बढ़ाते हुए शिक्षा के जरिये स्किल सेंटर का विस्तार करने जा रही है। संघ सीधे विश्वविद्यालय संचालित नहीं करता है ऐसे में वह विद्या भारती और विश्व हिंदू परिषद जैसे अनुषांगिक संगठनों के जरिए अब हायर एजुकेशन में पकड़ मजबूत कर रहा है। ऋषि गालव विश्वविद्यालय में छात्रों के चरित्र निर्माण को मजबूत किया जाएगा। ऐसे में संभव है कि विश्वविद्यालय में प्रवेश 2027-28 से शुरू हो जाएंगे। इसको लेकर निजी विश्वविद्यालय नियामक आयोग ने आशय पत्र भी जारी कर दिया है। कैंपस में गर्ल्स और बॉयज हॉस्टल भी होंगे। बहरहाल यह विश्वविद्यालय 3 साल में पूरा आकार ले लेगा।

आपको बता दें कि आगे की रणनीति में आरएसएस सैनिक स्कूल मॉडल और डिफेंस एकेडमी पर भी फोकस करने जा रही है। साथ ही मध्य प्रदेश के मालवा और ग्वालियर चंबल क्षेत्र में स्किल डेवलपमेंट सेंटर और कृषि आधारित संस्थान खोलने की तैयारी भी तेज की जा रही है। वर्तमान में जो पीजी कॉलेज संचालित हो रहे हैं उन्हें भी भविष्य में क्लस्टर यूनिवर्सिटी में बदलने की कवायद की जा सकती है। बता दें कि RSS की देश में हरियाणा का अशोक सिंघल वेद विज्ञान विश्वविद्यालय और बेंगलुरु की चाणक्य यूनिवर्सिटी है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *