November 10, 2026

रायपुर। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने संभावित चक्रवात ‘अर्नब’ के प्रभाव से छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में 28 और 29 अक्टूबर को भारी से अति भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की आशंका जताई है। मौसम विभाग की चेतावनी और विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए राजनांदगांव और मोहला-मानपुर जिले के सभी स्कूलों में 28 अक्टूबर को अवकाश घोषित किया गया है। वहीं, संभावित खराब मौसम को देखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने रेल यात्रियों के लिए सावधानी संबंधी दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

दो जिलों में 28 अक्टूबर को स्कूल बंद

मौसम विभाग की चेतावनी के मद्देनजर राजनांदगांव और मोहला-मानपुर जिले के जिला शिक्षा अधिकारियों (DEO) ने 28 अक्टूबर को सभी स्कूलों में छुट्टी घोषित की है। यह निर्णय विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।

रेलवे ने यात्रियों के लिए जारी की एडवाइजरी

चक्रवात के संभावित प्रभाव को देखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए हैं। रेलवे प्रशासन द्वारा इन सावधानियों की जानकारी यात्रियों तक पहुंचाने के लिए स्टेशनों पर उद्घोषणा प्रणाली, सूचना एवं डिस्प्ले बोर्ड, डिजिटल स्क्रीन, आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और अन्य संचार माध्यमों का उपयोग किया जा रहा है।

रेल यात्रियों को इन बातों का रखना होगा ध्यान

संभावित प्रतिकूल मौसम को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों से निम्न सावधानियां बरतने की अपील की है—

  1. ट्रेन की स्थिति की जानकारी लें: यात्रा शुरू करने से पहले संबंधित ट्रेन के परिचालन की ताजा स्थिति जरूर जांच लें।
  2. पर्याप्त समय लेकर स्टेशन पहुंचें: मौसम संबंधी व्यवधान और सड़क यातायात में देरी की आशंका को देखते हुए समय से पहले स्टेशन पहुंचें।
  3. रेलवे की सूचनाओं का पालन करें: स्टेशन पर होने वाली उद्घोषणाओं और रेलवे अधिकारियों-कर्मचारियों के निर्देशों का पालन करें।
  4. रेलवे ट्रैक से दूर रहें: रेलवे ट्रैक पार करने से बचें और निर्धारित यात्री क्षेत्रों में ही रहें।
  5. जरूरी सामान साथ रखें: मोबाइल फोन चार्ज रखें। आवश्यक दवाइयां, पीने का पानी और आपातकालीन संपर्क की जानकारी अपने पास रखें।
  6. फिसलन वाले स्थानों पर सतर्क रहें: बारिश के कारण प्लेटफॉर्म, फुट ओवरब्रिज और सीढ़ियों पर फिसलन हो सकती है। इन स्थानों पर विशेष सावधानी बरतें।
  7. आधिकारिक माध्यमों से जानकारी लें: ट्रेनों के नियमन, मार्ग परिवर्तन या निरस्तीकरण से जुड़ी ताजा जानकारी के लिए रेलवे के आधिकारिक संचार माध्यमों पर ही भरोसा करें।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान सतर्क रहें और जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, ताकि उनकी यात्रा सुरक्षित और सुविधाजनक बनी रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *