November 10, 2026

सूरजपुर। जिले के एसईसीएल बिश्रामपुर क्षेत्र की बंद पड़ी खदानों में चोरी और पेड़ों की अवैध कटाई की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। चोर अब इन वारदातों को अंजाम देने के दौरान सुरक्षाकर्मियों पर भी जानलेवा हमला कर रहे हैं। ताजा मामला गांगीकोट का है, जहां यूकेलिप्टस के पेड़ काटने से रोकने पर 25 से 30 लोगों के एक समूह ने दो सुरक्षाकर्मियों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। आरोपियों ने उनकी मोटरसाइकिल को भी आग के हवाले कर दिया।

घायल सुरक्षाकर्मियों का इलाज एसईसीएल के बिश्रामपुर अस्पताल में जारी है। फिलहाल दोनों की हालत सामान्य बताई जा रही है।

बंद खदानों में चोरी और पेड़ों की कटाई का सिलसिला

जानकारी के मुताबिक, एसईसीएल बिश्रामपुर क्षेत्र की 5-6 बंद पड़ी खदानों में लगातार चोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं। आरोप है कि संगठित गिरोह बनाकर चोर इन खदानों से लोहा, तांबा और अन्य सामान चोरी करते हैं। इस दौरान सुरक्षाकर्मियों को बंधक बनाने और उनके साथ मारपीट करने की घटनाएं भी होती रही हैं।

चोरी के साथ ही खदान क्षेत्रों की वन संपदा को भी नुकसान पहुंचाया जा रहा है। यहां लगातार पेड़ों की कटाई की जा रही है।

पेड़ काटने से रोकने पर सुरक्षाकर्मियों पर हमला

बीती रात गांगीकोट में 25 से 30 लोग यूकेलिप्टस के पेड़ काट रहे थे। खदान में तैनात सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो आरोपियों ने दोनों पर हमला कर दिया। हमले में दोनों जवान घायल हो गए। इसके बाद आरोपियों ने उनकी मोटरसाइकिल में आग लगा दी और मौके से फरार हो गए।

अपराध दर्ज, आरोपियों की तलाश में पुलिस

घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस की ओर से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और पुलिसकर्मियों की तैनाती की बात कही गई है।

लगातार हो रही घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों ने एसईसीएल प्रबंधन और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। लोगों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। गौरतलब है कि इससे पहले भी खदान में घुसकर सुरक्षाकर्मियों को बंधक बनाने और चोरी-लूटपाट करने का वीडियो सामने आ चुका है। इसके बावजूद ऐसी घटनाएं जारी रहने से लोगों में नाराजगी है।

एसईसीएल की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

बंद पड़ी खदानों में लगातार हो रही चोरी, पेड़ों की कटाई और सुरक्षाकर्मियों पर हमलों ने एसईसीएल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्रबंधन की ओर से पर्याप्त कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। अब देखना होगा कि पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के दावे से इन घटनाओं पर कितनी रोक लग पाती है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *