रायपुर। रामलीला मैदान में दो दिनों तक चले प्रदर्शन के बाद पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल रायपुर लौट आए हैं। यहां पहुंचने पर उन्होंने रामलीला मैदान की रैली, महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के छत्तीसगढ़ दौरे और राज्योत्सव में छत्तीसगढ़ महतारी के कथित अपमान को लेकर बयान दिया। इस दौरान उन्होंने केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार पर भी निशाना साधा।

रामलीला मैदान की रैली को बताया ऐतिहासिक
भूपेश बघेल ने कहा कि ज्ञानेश कुमार के खिलाफ रामलीला मैदान में लगातार दो दिनों तक प्रदर्शन हुआ, जिसे पूरे देश ने देखा। उन्होंने रविवार की रैली को ऐतिहासिक बताते हुए दावा किया कि इसमें 1974 और 1994 की रैलियों से भी अधिक लोग शामिल हुए। बघेल ने कहा कि देशभर से लाखों लोग दिल्ली पहुंचे थे।
उन्होंने राहुल गांधी के बयान का समर्थन करते हुए कहा कि यह सीधे तौर पर चुनौती है और ज्ञानेश कुमार को इस्तीफा देना पड़ेगा। बघेल ने आरोप लगाया कि मतदाता सूची से 13 करोड़ लोगों के नाम काटे गए हैं। उनके मुताबिक, यह आंकड़ा छह राज्यों का है और करीब 15 प्रतिशत मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब देश की आबादी बढ़ रही है, तो मतदाताओं की संख्या कैसे घट रही है?
रैली में कम भीड़ होने की खबरों पर भी बघेल ने आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि बारिश के कारण मैदान के कुछ हिस्सों में कीचड़ था और वहां लोग खड़े नहीं थे। उनके मुताबिक, खाली हिस्से की तस्वीरें दिखाकर रैली में कम भीड़ होने का दावा किया गया। उन्होंने मीडिया से प्रदर्शन के मुद्दों और वहां हुई चर्चा को प्रमुखता देने की बात कही।
महादेव सट्टा ऐप मामले में जांच पर उठाए सवाल
महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में सौरभ चंद्राकर की रिमांड को लेकर बघेल ने कहा कि जांच आगे बढ़ने पर कई नाम सामने आ सकते हैं। उन्होंने दावा किया कि उनकी सरकार के कार्यकाल में वर्ष 2022 में इस मामले में 72 एफआईआर दर्ज की गई थीं। साथ ही, गृह मंत्रालय को पत्र लिखकर सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी करने की मांग की गई थी।
बघेल ने ईडी की कार्रवाई और शुभम सोनी के कथित वीडियो का उल्लेख करते हुए सवाल उठाया कि इस मामले में असली मालिक कौन है। उन्होंने कहा कि एजेंसियों को स्पष्ट करना चाहिए कि शुभम सोनी मालिक है या सौरभ चंद्राकर। बघेल ने जांच एजेंसियों की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए कहा कि उन्हें न्यायालय पर पूरा भरोसा है।
अमित शाह के दौरे पर भी कसा तंज
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के छत्तीसगढ़ दौरे को लेकर बघेल ने सौरभ चंद्राकर के प्रत्यर्पण का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि सौरभ चंद्राकर पहले से ओमान की जेल में था और उसे प्रत्यर्पण की प्रक्रिया के तहत भारत लाया गया है। बघेल ने सवाल किया कि इसमें केंद्रीय एजेंसियों की ओर से उसे खोजकर पकड़ने जैसी कौन-सी कार्रवाई की गई?
छत्तीसगढ़ महतारी के मुद्दे पर भाजपा को घेरा
राज्योत्सव में छत्तीसगढ़ महतारी के कथित अपमान को लेकर बघेल ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा को छत्तीसगढ़ और यहां के लोगों से कोई सरोकार नहीं है। बघेल ने कहा कि चुनाव के समय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रमों में छत्तीसगढ़ महतारी की तस्वीर लगाई गई थी, लेकिन सरकार बनने के बाद प्रदेश के संसाधनों पर ही ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की दिलचस्पी छत्तीसगढ़ की खदानों में है और प्रदेश के संसाधनों को लेकर उसकी मंशा पर सवाल उठाए।
कर्मचारियों की अनिवार्य उपस्थिति के आदेश पर सोशल मीडिया पोस्ट
राज्योत्सव के दौरान रायपुर जिले की खाद्य शाखा के अधिकारियों और कर्मचारियों की अनिवार्य उपस्थिति के आदेश को लेकर भी बघेल ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया। उन्होंने भाजपा पर तंज कसते हुए लिखा कि रामलीला मैदान में प्रदर्शन के दौरान भीड़ की गिनती करने वाले अब अमित शाह को भीड़ दिखाने के लिए सरकारी कर्मचारियों को जुटा रहे हैं।
बघेल ने पोस्ट में यह भी दावा किया कि राशन दुकानदारों को अपने साथ दस-दस लोगों को लाने के लिए कहा गया है। उन्होंने तंज कसते हुए लिखा कि जनता के नहीं आने की स्थिति में भाजपा को सरकारी कर्मचारियों का सहारा लेना पड़ रहा है।