November 10, 2026

रायपुर। छत्तीसगढ़ में नए पुलिस महानिदेशक (DGP) की नियुक्ति को लेकर प्रशासनिक स्तर पर हलचल तेज हो गई है। राज्य सरकार ने डीजी पद पर पदोन्नति के लिए तीन आईपीएस अधिकारियों के नाम स्वीकृत कर प्रस्ताव केंद्रीय गृह मंत्रालय को भेज दिया है। केंद्र से मंजूरी मिलने के बाद प्रदेश में डीजी स्तर के अधिकारियों की संख्या बढ़कर छह हो जाएगी। माना जा रहा है कि इन्हीं अधिकारियों में से किसी एक को नए डीजीपी की जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है।

पदोन्नति की दौड़ में तीन आईपीएस अधिकारी

डीजी पद पर पदोन्नति के लिए जिन तीन अधिकारियों के नाम प्रस्तावित किए गए हैं, उनमें 1994 बैच के एसआरपी कल्लूरी, 1995 बैच के प्रदीप गुप्ता और 1996 बैच के विवेकानंद सिन्हा शामिल हैं। तीनों अधिकारी वर्तमान में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजी) स्तर पर पुलिस मुख्यालय में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल रहे हैं।

फरवरी में रिटायर होंगे वर्तमान DGP अरुणदेव गौतम

वर्तमान डीजीपी अरुणदेव गौतम फरवरी में सेवानिवृत्त होने वाले हैं। उनके रिटायरमेंट से पहले नए डीजीपी के चयन की प्रक्रिया पूरी की जानी है। इसके लिए छह आईपीएस अधिकारियों के नामों का पैनल यूपीएससी को भेजे जाने की बात कही गई है।

इस पैनल में डीजी जीपी सिंह, पवन देव, हिमांशु गुप्ता, एसआरपी कल्लूरी, प्रदीप गुप्ता और विवेकानंद सिन्हा के नाम शामिल बताए गए हैं। इसी पैनल में शामिल अधिकारियों में से किसी एक को छत्तीसगढ़ का अगला डीजीपी नियुक्त किया जा सकता है। हालांकि, अंतिम चयन की प्रक्रिया और नियुक्ति संबंधी निर्णय आधिकारिक आदेश के बाद ही स्पष्ट होंगे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *