जबलपुर। शहर में हनीट्रैप और ब्लैकमेलिंग से जुड़े मामले का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। कोतवाली थाना क्षेत्र में दमोह नाका स्थित होटल कदंब ट्री में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवती को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, युवती पर एक युवक को कथित तौर पर अपने जाल में फंसाकर ब्लैकमेल करने और उससे रकम मांगने का आरोप है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी युवती की पहचान पूजा रेवास के रूप में हुई है। वह मूल रूप से उमरिया की रहने वाली है और पेशे से डांसर बताई जा रही है।
7 लाख रुपये मांगने का आरोप
पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, ग्वारीघाट निवासी एक युवक को युवती ने कथित तौर पर गंभीर मामलों में फंसाने की धमकी दी और उससे 7 लाख रुपये की मांग की।
शिकायत के अनुसार, रकम वसूलने के लिए युवती कथित तौर पर युवक के घर भी पहुंची और वहां हंगामा किया। आरोप है कि बदनामी और कानूनी कार्रवाई के डर का दबाव बनाकर युवक से पैसे लेने की कोशिश की जा रही थी।
होटल में पुलिस ने बिछाया जाल
पीड़ित युवक की शिकायत मिलने के बाद कोतवाली पुलिस ने योजना बनाकर होटल परिसर में कार्रवाई की। पुलिस के मुताबिक, रकम के लेनदेन के लिए दोनों पक्षों के होटल पहुंचने के बाद टीम ने मौके पर दबिश दी और युवती को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान उसके बैग से करीब 2.50 लाख रुपये नकद बरामद होने की बात पुलिस ने कही है। पुलिस ने रकम को जब्त कर लिया है और मामले से जुड़े अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है।
पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच
पुलिस के अनुसार, पूजा रेवास के खिलाफ पहले से आपराधिक मामला दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। उमरिया थाने में दर्ज पुराने प्रकरण के संबंध में भी पुलिस रिकॉर्ड की जांच कर रही है।
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ब्लैकमेलिंग के इस मामले में युवती अकेली थी या उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति अथवा गिरोह भी शामिल है। बरामद नकदी, मोबाइल और अन्य साक्ष्यों की जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।