September 22, 2026

डबरा/जबलपुर। मध्य प्रदेश के डबरा निवासी टीवी अभिनेता और पूर्व WWE रेसलर सौरव गुर्जर को मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई हैदराबाद के गाचीबोवली थाना क्षेत्र में दर्ज एक मामले के सिलसिले में की गई। पुलिस के मुताबिक, 29 वर्षीय महिला ने सौरव गुर्जर के खिलाफ शादी का झांसा देकर कथित यौन शोषण, मानसिक उत्पीड़न और धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई थी।

इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी पहचान

शिकायत के अनुसार, महिला की वर्ष 2021 में इंस्टाग्राम के जरिए सौरव गुर्जर से पहचान हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई। महिला का आरोप है कि सौरव ने शादी का वादा कर उसके साथ संबंध बनाए।

शिकायतकर्ता के मुताबिक, सौरव के कहने पर उसने अमेरिका की अपनी नौकरी भी छोड़ दी। दोनों के अमेरिका और भारत में साथ रहने की बात भी शिकायत में कही गई है। महिला का आरोप है कि बाद में सौरव ने उससे दूरी बनानी शुरू कर दी और उसका नंबर ब्लॉक कर संपर्क बंद कर दिया।

लुकआउट सर्कुलर के तहत मुंबई एयरपोर्ट पर पकड़ा

महिला की शिकायत के आधार पर गाचीबोवली पुलिस ने मामला दर्ज कर सौरव गुर्जर के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया था। पुलिस के मुताबिक, 20 सितंबर को विदेश से मुंबई पहुंचने पर इमिग्रेशन अधिकारियों ने उन्हें एयरपोर्ट पर रोक लिया और हैदराबाद पुलिस को सूचना दी।

इसके बाद गाचीबोवली पुलिस की टीम मुंबई पहुंची और सौरव गुर्जर को गिरफ्तार कर हैदराबाद ले गई। उन्हें अदालत में पेश किया गया, जहां से 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजे जाने की जानकारी सामने आई है।

‘महाभारत’ में भीम के किरदार से मिली पहचान

सौरव गुर्जर टीवी धारावाहिक ‘महाभारत’ में भीम का किरदार निभाकर चर्चित हुए थे। इसके अलावा वह बॉलीवुड फिल्म ‘ब्रह्मास्त्र’ में भी नजर आए। वह पेशेवर रेसलिंग से भी जुड़े रहे हैं और WWE में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।

फिलहाल उनके खिलाफ दर्ज मामले में पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है। मामले में आगे की स्थिति जांच और न्यायिक प्रक्रिया के आधार पर स्पष्ट होगी।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *