November 25, 2026

झीरम घाटी मामले की जांच के लिए दूसरे आयोग के गठन को चुनौती देने वाली विधायक धरमलाल कौशिक की याचिका पर छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में अंतिम सुनवाई 21 दिसंबर 2026 को होगी। मई 2022 में हाईकोर्ट ने नए जांच आयोग के कामकाज पर रोक लगाई थी, जो अब भी जारी है।

पहले आयोग की रिपोर्ट के बाद हुआ था पुनर्गठन

तत्कालीन छत्तीसगढ़ सरकार ने 2021 में जस्टिस प्रशांत मिश्रा के आंध्र प्रदेश का मुख्य न्यायाधीश बनने के बाद उत्पन्न स्थिति में दो सेवानिवृत्त हाईकोर्ट जजों का जांच आयोग गठित किया था। जस्टिस मिश्रा आयोग ने राज्यपाल के समक्ष अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत की थी।

तत्कालीन कांग्रेस सरकार द्वारा रिपोर्ट स्वीकार नहीं किए जाने के बाद जस्टिस सतीश अग्निहोत्री और जस्टिस मिनहाजुद्दीन की अध्यक्षता में न्यायिक जांच आयोग का पुनर्गठन किया गया। नया आयोग जांच शुरू कर पाता, उससे पहले तत्कालीन भाजपा प्रदेश अध्यक्ष धरमलाल कौशिक ने हाईकोर्ट में याचिका दायर कर गठन को चुनौती दी। उनका तर्क था कि पहला आयोग जांच पूरी कर चुका है, इसलिए नए आयोग की जरूरत नहीं है।

हस्तक्षेप याचिका में राज्य सरकार के अधिकार का हवाला

मामले में एक कांग्रेस कार्यकर्ता ने हस्तक्षेप याचिका दायर की थी। उसमें कहा गया कि आयोग में रिक्ति होने या नए जांच बिंदु सामने आने पर राज्य सरकार को नया आयोग गठित करने का अधिकार है।

बुधवार को मुख्य न्यायाधीश कृष्णाराम महापात्र और जस्टिस संतोष शर्मा की खंडपीठ में सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता की ओर से वरिष्ठ वकील उपलब्ध नहीं होने के आधार पर सुनवाई स्थगित करने की मांग की गई।

हस्तक्षेप याचिकाकर्ताओं की ओर से अधिवक्ता सुदीप श्रीवास्तव ने कहा कि नया आयोग उन जांच बिंदुओं पर जांच के लिए बनाया गया है, जो पहले आयोग के दायरे में नहीं थे। उन्होंने दलील दी कि आयोग का गठन राज्य सरकार के अधिकार क्षेत्र में है, इसलिए याचिका खारिज की जानी चाहिए और जांच पर लगी रोक भी हटाई जानी चाहिए।

राज्य सरकार की ओर से उपस्थित अधिवक्ता ने मामले में आवश्यक निर्देश लेने के लिए समय मांगा।

गंभीर कानूनी प्रश्नों के चलते विस्तृत सुनवाई

खंडपीठ ने आदेश में कहा कि मामले में गंभीर कानूनी प्रश्न शामिल हैं, इसलिए विस्तृत सुनवाई की जरूरत है। कोर्ट ने हस्तक्षेप याचिकाकर्ता के अधिवक्ता को भी अपना पक्ष रखने की अनुमति दी और अंतिम सुनवाई के लिए 21 दिसंबर 2026 की तारीख तय की। नए आयोग की जांच पर लगी रोक फिलहाल जारी है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *