November 25, 2026

कांकेर जिले में माओवादी गतिविधियों से जुड़े UAPA मामले में भानुप्रतापपुर स्थित विशेष न्यायालय ने तीन आरोपियों को दोषी ठहराते हुए 10-10 साल के सश्रम कारावास की सजा सुनाई है। अदालत ने प्रत्येक आरोपी पर 3,500 रुपये का अर्थदंड भी लगाया है। मामले में अपर लोक अभियोजक टी.एस. यादव ने अभियोजन पक्ष की पैरवी की।

2023 में सर्च अभियान के दौरान पकड़े गए थे आरोपी

मामला 18 मई 2023 का है। पुलिस के मुताबिक, प्रतिबंधित भाकपा माओवादी संगठन की गतिविधियों की सूचना मिलने पर सुरक्षा बलों ने COB चिलपरस और ढूंट्टा से संयुक्त सर्च अभियान शुरू किया था।

कागबरस, नयापारा और चिलपरस क्षेत्र में तलाशी के बाद सुरक्षा बल केसोकोड़ी की ओर बढ़ रहे थे। इसी दौरान पहाड़ी जंगल के पास कुछ संदिग्ध व्यक्ति भागने लगे। सुरक्षा बलों ने घेराबंदी कर तीनों को पकड़ लिया। पूछताछ में उनकी पहचान पीलूराम आंचला उर्फ सालिक राम, रमेश पुनेम उर्फ बुधरू और पुनऊ राम मंडावी के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, तीनों प्रतिबंधित माओवादी संगठन से जुड़े थे और संगठन में अलग-अलग जिम्मेदारियां निभा रहे थे।

वॉकी-टॉकी और माओवादी साहित्य बरामद

पुलिस के अनुसार, तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से वॉकी-टॉकी सेट, माओवादी संगठन की चिट्ठियां, नक्सली साहित्य, नकदी, गुलेल, टॉर्च और चाकू सहित अन्य सामग्री बरामद हुई थी। आरोपियों को पकड़ने के दौरान पुलिस पार्टी पर हमला भी किया गया था, जिसमें एक जवान के दाहिने हाथ में चोट आई थी।

UAPA और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत दर्ज हुआ था मामला

इस मामले में थाना कोयलीबेड़ा में अपराध क्रमांक 08/2023 के तहत भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं, विस्फोटक पदार्थ अधिनियम और UAPA के तहत अपराध दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए अंतागढ़ एसडीओपी अमर सिदार को विवेचना अधिकारी नियुक्त किया गया।

विवेचना के दौरान साक्ष्य संकलित कर आरोपियों के खिलाफ न्यायालय में प्रकरण प्रस्तुत किया गया। अभियोजन पक्ष ने मौखिक, दस्तावेजी और परिस्थितिजन्य साक्ष्य पेश किए।

विशेष अदालत ने सुनाई सजा

सभी साक्ष्यों का मूल्यांकन करने के बाद विशेष न्यायाधीश NIA भानुप्रतापपुर दीपक के. गुप्ता की अदालत ने तीनों आरोपियों को दोषी करार दिया। अदालत ने प्रत्येक को 10 साल के सश्रम कारावास और 3,500 रुपये के अर्थदंड से दंडित किया।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *